लखनऊ। चिनहट स्थित निश्चल हॉस्पिटल एवं नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने केंद्र संचालक व अन्य पर पीटकर मारने का आरोप लगाया। मामले में पुलिस ने बुधवार को मुकदमा दर्ज किया।
निरालानगर निवासी रोहित यादव ने शराब के लती भाई मोहित (32) को 31 अगस्त को निश्चय हॉस्पिटल एवं नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया। इसके पहले भी उसे दो बार यहां भर्ती कराया गया था। अस्पताल से आने के बाद मोहित दोबारा शराब पीने लगता।
एक सितंबर को परिजन उसे फिर अस्पताल लेकर आए। आरोप है कि अस्पताल संचालक रत्नाकर तिवारी ने धमकाया कि दो बार बिना रुपये जमा किए मरीज ले जा चुके हैं। इस बार ऐसा किया तो मरीज सही सलामत नहीं जा पाएगा।
रोहित के मुताबिक उसी रात दस बजे मोहित की तबीयत खराब होने की बात बताते हुए लोहिया अस्पताल बुलाया गया। हालांकि, वहां पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। परिजनों ने रुपये के लिए मोहित को पीटकर मारने का आरोप लगाते हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को शांत कराया। रोहित की तहरीर पर अस्पताल संचालक समेत कई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। वर्जन
मरीज के परिजनों के आरोप बेबुनियाद हैं। इससे पहले भी मरीज को दो बार अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह नशे का लती थी। उसे तेज बुखार आया। आशंका है कि दिल का दौरा पड़ने से जान गई है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है, जिसमें मौत की वजह साफ हो जाएगी।
- रत्नाकर तिवारी, संचालक निश्चल हॉस्पिटल एवं नशा मुक्ति केंद्र