विवादों के बीच उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की भर्ती परीक्षाओं और उनके परिणाम घोषित होने के भी सभी रिकार्ड टूटते जा रहे हैं। अब तो पीसीसी की भर्ती प्रक्रिया संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सर्विसेज से भी कम अवधि में पूरी हो जाएगी।
आयोग की ओर से परीक्षाओं का जो कैलेंडर घोषित हुआ है उसके अनुसार पीसीएस की भर्ती प्रक्रिया एक साल के भीतर ही पूरी हो जाएगी।
डॉ.अनिल यादव के अध्यक्ष बनने के बाद भर्तियों में कुछ ज्यादा तेजी आई है। ढाई साल में आयोग ने तकरीबन ढाई सौ तरह की भर्तियां कर डालीं। हालांकि इन भर्तियों में गड़बड़ी की आशंका व्यक्त करते हुए प्रतियोगियों ने न्यायालय में याचिका दाखिल की है। पीसीएस तथा अन्य भर्तियों में भी यह तेजी दिखाई दे रही है।
संघ लोक सेवा आयोग की ओर से सिविल सर्विसेज की भर्ती प्रक्रिया पूरी करने में तकरीबन डेढ़ साल लग जाते हैं। पहले पीसीएस की भर्ती प्रक्रिया पूरी होने में भी दो से तीन साल लग जाते थे, लेकिन अब एक साल के भीतर ही प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। पीसीएस-2015 से इसकी शुरुआत होने जा रही है। इसकी मुख्य परीक्षा हो चुकी है। इसी साल इंटरव्यू कराके फाइनल रिजल्ट निकालने की भी तैयारी है।