यूपीपीसीएल की महिला सिविल सहायक ने लगाया फंदा, तलाक के चलते अवसाद में थीं
लखनऊ। आशियाना में सोमवार शाम अवसाद की शिकार यूपीपीसीएल में सिविल सहायक आस्था (32) ने घर में फंदा लगा लिया। उनका काफी समय से इलाज चल रहा था। वह रायबरेली में तैनात थीं।
आशियाना के सेक्टर-एच निवासी आस्था के पिता राकेश गुप्ता ने बताया कि बेटी का दो साल पहले विशाल गुप्ता से तलाक हो गया था। इससे वह डिप्रेशन में चल रही थी। बेटी उनके साथ ही रह रही थी। सोमवार सुबह उसने अगले कुछ दिनों की छुट्टी का प्रार्थनापत्र ऑफिस भेजा था। सोमवार शाम वह अपने कमरे में थी। उसके फोन पर कॉल आ रही थी। छोटी बहन उसका मोबाइल लेकर कमरे में गई तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। खिड़की से कमरे में दाखिल हुई तो देखा कि आस्था पंखे से दुपट्टे के सहारे लटकी हुई थी। शोर सुनकर अन्य परिजन भी पहुंचे और आस्था को अस्पताल पहुंचाया, वहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
घरवालों से विवाद के बाद युवक ने की खुदकुशी
लखनऊ। ठाकुरगंज में आदर्श नगर निवासी दानिश (40) प्राइवेट गाड़ी चलाते थे। उनके बेटे अरमान ने बताया कि सोमवार शाम पिता का शराब के नशे में घरवालों से विवाद हो गया था। इसके बाद पिता दूसरे कमरे में चले गए थे। कुछ देर बाद अफसाना कमरे में पहुंचीं तो देखा कि पति दानिश पंखे से चादर के सहारे लटके हुए थे।