उत्तर प्रदेश में बुधवार को अचानक बदले मौसम ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी है। प्रदेश के कई जिलों में धूल भरी आंधी चली तो कई जगह बारिश हुई। हालांकि, तेज हवाओं के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना भी करना पड़ा। लोग सुबह काम पर निकले ही थे कि तेज हवाएं चलने लगी। बलरामपुर जिले में धूल भरी आंधी व बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। कहीं पेड़ गिरे तो कहीं आंधी की वजह से टीन शेड व फूस के बने छप्पर उड़ गए। बहराइच में हल्की बौछारें पड़ीं तो सीतापुर में काले बादल घिर आए और तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। गोंडा जिले में कई स्थानों पर तेज आंधी के कारण पेड़ गिरने से रास्ता बाधित हो गया। सीतापुर में सुबह से ही बदली छाई रही और तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार, लखनऊ व आसपास के जिलों में बदली छाई रहेगी और कई जगह बौछारें पड़ सकती हैं। वहीं, केरल में मानसून की दस्तक के बाद लोगो को गर्मी से राहत मिलेगी।