आगरा- लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर टोल वसूली से यूपीडा को 402 करोड़ 39 लाख रुपये मिलेंगे। टोल प्लाजा का ठेका मैसर्स सहकार ग्लोबल को दिया गया है। सात बड़ी फर्मो के बीच हुई प्रतिस्पर्धा के बाद मौजूदा ठेके की तुलना में 82 प्रतिशत अधिक राशि में टोल टैक्स वसूली का ठेका छूटा है।
यूपीडा के सीईओ अवनीश अवस्थी ने बताया कि आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर स्थापित 02 मुख्य टोल प्लाजा एवं 15 रैम्प प्लाजा के संचालन व टोल कलेक्शन, एक्सप्रेस- वे पर पांच एम्बुलेंस व दस पेट्रोलिंग वाहन की तैनाती के लिए मैसर्स सहकार ग्लोबल लिमिटेड का चयन निविदा के माध्यम से किया गया।
उन्होंने बताया कि यूपीडा ने आरक्षित राशि 274 करोड़ निर्धारित की थी। सात निविदाकर्ता कंपनियों में सबसे अधिक से राशि 402.39 करोड़ रुपये मैसर्स सहकार ग्लोबल लिमिटेड ने लगाई। उन्होंने बताया कि मंत्रीपरिषद ने सबसे अधिक राशि देनी वाली फर्म को ठेका देने का अनुमोदन किया है।
उन्होंने बताया कि फर्म को दो वर्ष के लिए ठेका दिया जाएगा। पहले वर्ष के लिए 402.39 करोड़ रुपये यूपीडा को मिलेंगे। दूसरे वर्ष इसमे 10 प्रतिशत की वृद्धि की जाएगी। उन्होंने बताया कि 2018 तुलना में इस बार की टोल वसूली का ठेका 82 प्रतिशत अधिक राशि मे दिया गया है।