अखिलेश यादव और राहुल गांधी
- फोटो : ANI
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पहले दो लड़कों की जोड़ी चुनाव परिणाम आने के बाद विफल होती थी, लेकिन इस बार चुनाव से पहले ही फेल हो गई है। दोनों दलों के बीच एक तरफ सीटों के बंटवारे को लेकर बैठकें हो रही हैं और दूसरी तरफ प्रत्याशी घोषित किए जा रहे हैं। इससे बड़ा अपमान क्या होगा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सपा के लिए राधे-राधे तो शुरुआत है, अब राम नाम सत्य का समय आ रहा है।
मुख्यमंत्री बुधवार को लखनऊ में एक टीवी मीडिया समूह को दिए साक्षात्कार में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि गठबंधन के भी अपने धर्म, नियम, मान्यताएं और शिष्टाचार होते हैं। सपा और कांग्रेस के बीच जिस तरह की स्थिति दिखाई दे रही है, उससे उनके तालमेल की वास्तविकता सामने आ रही है। दोनों दल एक-दूसरे को शह और मात देने में जुटे हैं। एक तरफ अपमानित हो रहे हैं और दूसरी तरफ उसी स्थिति को सामान्य बताने की कोशिश कर रहे हैं। देश के सबसे पुराने राजनीतिक दल कांग्रेस की यह स्थिति उसकी नकारात्मक सोच का परिणाम है।
अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे पर योगी ने कहा कि रामलला के दर्शन करना अच्छी बात है, लेकिन सपा प्रमुख को रामभक्तों और हिंदुओं से माफी मांगनी चाहिए। उन्हें 90 के दशक में अपनी पार्टी की गलती स्वीकार करनी चाहिए। यदि तब सद्बुद्धि आ गई होती तो रामभक्तों पर गोली चलाने की नौबत नहीं आती। उन्होंने कहा कि मथुरा में राधे-राधे, अयोध्या में जय श्रीराम और काशी में हर-हर महादेव कहना आस्था के अनुरूप है, जबकि राम नाम सत्य विदाई के समय कहा जाता है। सपा के सनातन पर मुखर होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि दो नावों की सवारी हमेशा खतरनाक होती है।
राहुल गांधी पर भी साधा निशाना
राहुल गांधी पर तंज कसते हुए सीएम ने उन्हें ऐसा रॉकेट बताया, जिसे लांच करने की कोशिश होती है, लेकिन वह हर बार विफल रहता है। अखिलेश यादव की घुसपैठियों संबंधी टिप्पणी पर पलटवार करते हुए कहा कि वास्तविक घुसपैठिए सपा को अपने सगे-संबंधी नजर आते हैं। एसआईआर का समर्थन करते हुए उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में केवल पात्र भारतीय नागरिकों के नाम होने चाहिए। मृतकों और स्थान बदल चुके मतदाताओं के नाम हटने चाहिए, लेकिन किसी पात्र भारतीय का नाम नहीं कटना चाहिए।
एनडीए में सीटों के बंटवारे और सहयोगी दलों के बीच मतभेद की अटकलों को खारिज करते हुए सीएम ने कहा कि निषाद पार्टी और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी समेत सभी सहयोगी दल गठबंधन का हिस्सा हैं। सभी मिलकर चुनाव लड़ेंगे। भाजपा में टिकट कटने के सवाल पर कहा कि चुनाव समिति की संस्तुति के बाद संसदीय बोर्ड निर्णय लेता है। भाजपा की राजनीति जोड़ने की है, काटने की नहीं। सीएम चेहरे के सवाल पर कहा कि भाजपा के लिए कमल का फूल ही सब कुछ है।
कट्टा-बम से ब्रह्मोस तक पहुंचा यूपी, अपराधी जेल या जहन्नुम में
सीएम ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में गुंडागर्दी, दंगे और अराजकता का माहौल था। व्यापारी भयभीत थे और निवेशक आने से कतराते थे। उस समय कट्टा-बम की फैक्ट्रियां चलती थीं, जबकि आज प्रदेश में रिवॉल्वर, राइफल और ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण हो रहा है। उन्होंने कहा कि आज व्यापारी या बहन-बेटियों संग अपराध करने वाले के लिए दो ही जगह हैं, जेल या फिर जहन्नुम।
सीएम ने कहा यूपी को 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। देश के मोबाइल उत्पादन का 55 प्रतिशत और इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट का 60 प्रतिशत प्रदेश में तैयार हो रहा है। एक्सप्रेसवे नेटवर्क में यूपी की हिस्सेदारी 60 प्रतिशत है। पहले दो एयरपोर्ट क्रियाशील थे, अब 17 संचालित हैं। योगी ने बताया कि अब तक करीब पौने दस लाख युवाओं को सरकारी नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं। प्रदेश में परिवारवाद की राजनीति समाप्त हो चुकी है। उन्होंने बुलडोजर को प्रदेश की ताकत बताते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।