आयुष विभाग के प्रमुख सचिव ने बताया कि योग सप्ताह के अंतिम दिन 21 जून को पुरस्कार वितरण एवं प्रमाणपत्र वितरण समारोह भी आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा 1 जून से आयुष चिकित्सकों एवं योग विशेषज्ञों द्वारा टीवी और दूरदर्शन पर जागरूकता कार्यक्रम भी प्रसारित किए जाएंगे, जिनमें विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं के लक्षण और प्रबंधन पर जागरूकता बढ़ाई जाएगी। साथ ही लोगों को व्यक्तिगत एवं सामूहिक योगाभ्यास की फोटो भारत सरकार के mygov पोर्टल पर प्रतिदिन अपलोड करने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर अब आयुष अस्पतालों के साथ ही एलोपैथिक अस्पतालों में भी योगाभ्यास कराया जाएगा। इसकी तैयारी शुरू हो गई है। चिकित्सा स्वास्थ्य, परिवार कल्याण एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने सभी जिला अस्पताल, सीएचसी, पीएचसी व आयुष्मान आरोग्य मंदिर में योगाभ्यास कराने का निर्देश दिया है। प्रमुख सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने बताया कि जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र व आयुष्मान आरोग्य मंदिर में योग दिवस पर आयोजन होगा। इसके लिए अभी से रोडमैप तैयार किया जा रहा है।
राजभवन में 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (21 जून) के क्रम में रविवार से विशेष योगाभ्यास सत्र का शुभारंभ हुआ। इस वर्ष की थीम ''एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग'' है, जिसे ध्यान में रखते हुए इस सत्र आयोजन किया जा रहा है।
यह योगाभ्यास सत्र प्रतिदिन सुबह 7 बजे से 20 जून तक राजभवन लॉन में आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य समाज में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना और नागरिकों को स्वस्थ एवं संतुलित जीवन शैली की ओर अग्रसर करना है। रविवार को शुभारंभ सत्र में लगभग 1000 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
इनमें विश्वविद्यालयों के छात्र-छात्राएं, विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि, राजभवन के अधिकारी व कर्मचारी तथा योग प्रेमी शामिल थे। प्रशिक्षित योगाचार्यों के निर्देशन में सभी ने संयुक्त रूप से योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। इस अवसर पर राज्यपाल के विशेष सचिव श्रीप्रकाश गुप्ता, आयुष विभाग के अधिकारी भी उपस्थित थे।