फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी : लूट का विरोध करने पर महिला की हत्या, फर्श पर कंबल से ढकी मिली लाश; सीसीटीवी में दिखे संदिग्ध

Wed, 03 Dec 2025 05:18 PM IST
आकाश द्विवेदी अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ

सार

लखनऊ के जानकीपुरम में 74 वर्षीय नीलिमा श्रीवास्तव की घर में घुसकर हत्या कर दी गई, घर का सामान बिखरा मिला और शव कंबल से ढका था। सीसीटीवी में शॉल लपेटे संदिग्ध दिखा है। पुलिस जांच कर रही है।
विज्ञापन
लखनऊ में महिला का मर्डर - फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

लखनऊ में जानकीपुरम के सेक्टर आई स्थित यशोदापुरम कॉलोनी निवासी नीलिमा श्रीवास्तव (74) की मंगलवार देर रात लूटपाट के दौरान हत्या कर दी गई। उनके गले पर चोट के निशान भी थे। घर का सामान भी बिखरा हुआ पाया गया। बुधवार सुबह पड़ोसी ने उनका शव कमरे में फर्श पर पड़ा देखा। 
विज्ञापन


नीलिमा अकेले ही रहती थीं। उनके भाई प्रदीप श्रीवास्तव ने जानकीपुरम थाने में हत्या का केस दर्ज कराया है। सीसीटीवी फुटेज में शॉल लपटे एक संदिग्ध नजर आया है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। पुलिस भी लूट की बात से इनकार कर रही है।

नीलिमा श्रीवास्तव अकेली समधी कैलाश बाबू सक्सेना के दिए हुए दो कमरे के मकान में रहती थीं। उनकी देखरेख उनकी तीन बहनें और भाई प्रदीप करते थे। पति रमेश कुमार की काफी साल पहले मौत हो चुकी है। बेटे विभोर की वर्ष 2018 में मौत हो गई थी। 
विज्ञापन





 

10 साल के बेटे के साथ मायके रहती थी 

बहू अमृता मानसिक रूप से बीमार हैं और वह 10 साल के बेटे के साथ मायके में ही रहती हैं। नीलिमा के बहनोई गोमतीनगर निवासी सुभाष कुमार नैथानी ने बताया कि वह पत्नी पूनम के साथ मुंबई जाने वाले थे। मंगलवार दोपहर नीलिमा ने बहन पूनम का फोन कर घुमाने की बात कही थी। शाम पांच बजे पूनम पति सुभाष के साथ कार से नीलिमा के घर पहुंची। 

वह लोग उनको घूमने के लिए साथ ले गईं। रात करीब 10 बजे वह लोग वापस लौटे और नीलिमा को घर पर छोड़कर चले गए। बुधवार सुबह नीलिमा के घर के सामने रहने वाली उर्मिला मौर्य ने उनके घर का गेट खुला देखा और आवाज लगाई। 

अंदर से कोई जवाब नहीं मिला तो उर्मिला ने पति पंकज व पास में रहने वाले प्रशासनिक अधिकारी संजय सिंह के नौकर दीपू को बताया। पंकज व दीपू जब नीलिमा के घर के अंदर दाखिल हुए तो नीलिमा बेडरूम में नहीं मिली। 

बेडरूम में रखा सारा सामान बिखरा हुआ था। वह लोग जब दूसरे कमरे में पहुंचे तो नीलिमा का शव फर्श पर पड़ा देखा। शव के ऊपर कंबल डला था। दीपू ने सूचना पुलिस कंट्रोल रूम और नीलिमा के परिजनों को दी। सूचना पर जानकीपुरम पुलिस, एडीसीपी नॉर्थ गोपी नाथ सैनी, एसीपी अलीगंज अरीब खान और फॉरेंसिक टीम भी पहुंच गई। 

छानबीन में नीलिमा के गले पर चोट के निशान मिले। आशंका है कि लूटपाट के दौरान उनकी गला दबाकर हत्या की गई थी। एसीपी अलीगंज अरीब खान ने बताया कि भाई प्रदीप की तहरीर पर हत्या का केस दर्ज किया गया है। सभी पहलुओं पर पुलिस जांच कर रही है। परिजनों ने सामान गायब होेने की बात तो कही पर तहरीर में इसका कोई जिक्र नहीं किया।

सीसीटीवी में मंगलवार दोपहर और देर रात दिखा संदिग्ध

पुलिस ने जब नीलिमा के घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को चेक किया तो एक संदिग्ध मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे नीलिमा के घर के अंदर दाखिल होते नजर आया। इसके बाद उक्त संदिग्ध मंगलवार करीब ढ़ाई बजे उनके घर से चुपचाप निकलते भी दिखा। आरोपी पैदल ही मड़ियांव गांव की तरफ चला गया। पुलिस को संदिग्ध युवक की कई फुटेज मिली है। अब पुलिस उसके बारे में पता लगा रही है। शॉल लपटे होने की वजह से संदिग्ध युवक का चेहरा नजर नहीं आया है।

 
विज्ञापन

दोपहर को आता था टिफिन वाला

पुलिस को अपनी जांच में इस बात का पता चला है कि नीलिमा के घर दोपहर के वक्त एक टिफिन वाला खाना देने आता था। दोपहर में आया खाना वह दो टाइम खाती थीं। अब पुलिस टिफिन देने वाले के बारे में भी पता लगा रही है।

करीबी के वारदात में शामिल होने का शक

बुजुर्ग नीलिमा की हत्या के पीछे उनके घर से परिचित व्यक्ति के शामिल होने का शक है। आरोपी को नीलिमा के बारे में पहले से सब कुछ पता था। इस बात की भी आशंका है कि उसका उनके घर आना-जाना भी था। अब पुलिस ऐसे लोगों को चिन्हित कर रही है।

खुशमिजाज थी बुजुर्ग नीलिमा

बुजुर्ग नीलिमा की हत्या की खबर सुबह जैसे ही मोहल्ले में फैली लोगों की भीड़ उनके घर के बाहर जमा हो गई। मोहल्ले वालों का कहना है कि वह खुशमिजाज थीं। रोज सुबह सात से साढ़े सात के बीच वह घर के सामने बने चबूतरे पर बैठ जाती थीं और घंटों बातचीत किया करती थीं। उनका किसी से कोई विवाद या मनमुटाव भी नहीं था। मोहल्ले वालों का भी यही मानना है कि लूटपाट के दौरान ही उनकी हत्या की गई है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें