नौतपा के दूसरे दिन मंगलवार को राजधानी में गर्मी और तपिश में इजाफा हुआ। बीती रात चली तेज हवाओं और हल्की बूंदाबांदी का असर दिन चढ़ने के साथ कमजोर पड़ा। तापमान में हल्की बढ़त दर्ज हुई। इसके साथ ही नमी से भरी पुरवा हवाओं की वजह से उमस में भी इजाफा हुआ। इससे पूरे दिन लोग पसीने से जूझते रहे।
मौसम विभाग के अनुसार, 28 मई यानी शुक्रवार को राजधानी में मौसम के करवट लेने के आसार हैं। सक्रिय हो रहे एक नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से लखनऊ में 28 और 29 मई के दौरान तेज हवाओं के साथ बारिश होने के संकेत हैं। आंधी-बारिश से 29 मई को तापमान में बड़ी गिरावट देखने को मिल सकती है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पुरवा हवाओं की तपिश और नमी के कारण उमस और गर्मी अधिक महसूस हो रही है। जल्द ही इससे थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
मंगलवार को अधिकतम तापमान 0.6 डिग्री की बढ़त के साथ 42.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 2.8 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 0.3 डिग्री की मामूली गिरावट के साथ 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।