इस हमले के बारे में जब विधायक महाराजी प्रजापति से बात की गई तो उन्होंने कहा कि रात में मैं घर पर नहीं थी। मैं उस पूरे मामले के बारे में पता कर रही हूं। पूरी जानकारी के बाद मैं इसका जवाब दूंगी।
अमेठी में सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणी के बाद सपा विधायक महाराजी देवी के आवास पर मंगलवार रात हंगामा हो गया। कई वाहनों से पहुंचे लोगों पर गालीगलौज, मारपीट और धमकी देने का आरोप लगा है। पुलिस ने विधायक के बेटे अनुराग प्रजापति की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर रातभर आरोपियों की तलाश में दबिश दी। कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
अमेठी कोतवाली क्षेत्र की आवास विकास कॉलोनी स्थित विधायक आवास पर रात करीब आठ बजे दो स्कॉर्पियो और कई मोटरसाइकिलों से सवार होकर पहुंचे लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। आरोप है कि घर के बाहर मौजूद लोगों के साथ अभद्रता की गई। विरोध करने पर विधायक के भतीजे और घर में काम करने वाले लोगों की पिटाई कर दी गई। परिवार को जान से मारने की धमकी देने के बाद आरोपी वहां से चले गए।
घटना की जानकारी मिलने पर विधायक के बेटे अनुराग प्रजापति समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे। सूचना पर अमेठी कोतवाली पुलिस भी पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। घटना के बाद विधायक समर्थकों में नाराजगी दिखी और देर रात तक आवास पर लोगों की भीड़ लगी रही।