गोरखपुर, संतकबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी व आसपास के इलाकों में भारी बारिश का यलो अलर्ट है। इन जिलों में वज्रपात की भी आशंका जाहिर की गई है।
यूपी में बारिश और गर्मी एक साथ चल रहे हैं।
- फोटो : अमर उजाला।
राजधानी में माैसम ने एकदम यूटर्न ले लिया है। घने बादल कहीं चले गए हैं और दिन चढ़ने के साथ ही तीखी धूप और उमस लोगों की बेचैनी बढ़ा रही है। बुधवार को अधिकतम तापमान में वैसे तो 1.1 डिग्री की बढ़त रही, लेकिन हवा में माैजूद नमी के कारण गर्मी और उमस का अहसास काफी ज्यादा था। लोग छांव में भी पसीने से परेशान रहे। माैसम विभाग का कहना है कि लखनऊ में अगले तीन दिन अच्छी बारिश के आसार नहीं है।
आंचलिक माैसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह का कहना है कि लखनऊ में बृहस्पतिवार से अगले तीन दिन माैसम के शुष्क रहने के संकेत हैं। बुधवार को दिन का अधिकतम तापमान 1.1 डिग्री की बढ़त के साथ 35.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री की बढ़त के साथ 26.8 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड किया गया।