दोपहर के समय चटख धूप खिलने, दिन का तापमान बढ़ने के बावजूद गलन से राहत नहीं मिल रही है। बर्फीली हवाओं के कारण रातें अभी भी ठंडी बनी हुई हैं। मुजफ्फरनगर लगातार दूसरे दिन बुधवार को भी प्रदेश में सबसे ठंडा शहर रहा, यहां का न्यूनतम तापमान 1.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। कानपुर में भी न्यूनतम पारा 2.6 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानियों के अनुसार 22 से 27 जनवरी के बीच प्रदेश में कई जगह छिटपुट बूंदाबांदी-बारिश के आसार हैं।
आंचलिक मौसम विज्ञान केन्द्र लखनऊ के मुताबिक अयोध्या में बुधवार को न्यूनतम तापमान तीन डिग्री, चुर्क में 3.5, मेरठ, झांसी, फतेहपुर में 3.6, आगरा, अलीगढ़, उरई में 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। झांसी समेत आसपास के इलाकों में पाला पड़ने की भी सूचना रही। धूप खिलने के चलते ज्यादातर शहरों में दिन का अधिकतम तापमान 16 से 22 डिग्री के बीच रहा।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पश्चिमी ईरान और उसके आसपास एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना रही है। आने वाले तीन-चार दिनों में इसका असर देखने को मिलेगा।
कोहरा घटा, सुधरी विमानों, ट्रेनों की टाइमिंग
कोहरा व ठंड में नरमी आते ही विमानों व ट्रेनों की टाइमिंग में सुधार दर्ज किया गया है। पिछले दिनों की तुलना में बुधवार को कमोबेश फ्लाइटें, ट्रेनें कम लेट हुईं। बुधवार को दिल्ली से लखनऊ आने वाली एयर इंडिया की उड़ान एआई 431 को डेढ़ घंटे की देरी से पहुंची। गोरखपुर से लखनऊ आने वाली फ्लाइट दो घंटे देरी से, बंगलुरु से लखनऊ आने वाली गोएयर की जी8-8808 आधे घंटे, मुम्बई से लखनऊ आने वाली गोएयर की जी8-397 पौने घंटे, लखनऊ से बंगलुरु जाने वाली गोएयर की जी8-8806 पैंतीस मिनट तथा लखनऊ से मुम्बई जाने वाली गोएयर की जी8-8396 पौने घंटे देरी की शिकार हुई।
इसी क्रम में गाड़ी संख्या 13308 गंगा सतलुज एक्सप्रेस पौने पांच घंटे देरी से लखनऊ पहुंची। 15623 भगत की कोठी कामाख्या एक्सप्रेस सवा घंटे, 15066 पनवेल गोरखपुर एक्सप्रेस पांच घंटे, 15098 अमरनाथ एक्सप्रेस सवा तीन घंटे, 13152 कोलकाता एक्सप्रेस डेढ़ घंटे, 13009 दून एक्सप्रेस डेढ़ घंटे तथा 12331 हिमगिरी एक्सप्रेस एक घंटे लेट रही।