Weather of UP: यूपी में मौसम पूरी तरह से पलट गया है। दिल्ली से सटे जिलों के अलावा अवध के कई हिस्सों में देर शाम से लेकर रात तक बारिश हुई। कई जगह तेज हवाएं चल रही हैं।
यूपी में मौसम पूरी तरह से पलट गया है। बुधवार देर रात लखनऊ,कानपुर सहित कई जिलों में बारिश हुई। इसके साथ ही अवध के कई जिलों में धूल भरी आंधी आई। अवध के कई जिलों में हवाएं 50 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चलीं।
विज्ञापन
बुधवार को शाम सात बजे से ही अरब सागर और भूमध्य सागर से उठने वाली नम हवाओं की वजह से रात 12 बजे के बाद कानपुर और बुंदेलखंड क्षेत्र में 40 किमी की रफ्तार से हवाए चलीं। 45 मिनट के अंदर 14 मिमी से अधिक बारिश भी रिकॉर्ड की गई। माैसम विभाग के अनुसार, 30 मई तक इसी तरह रुक रुककर बारिश, आंधी चल सकती है। कहीं-कहीं ओले पड़ सकते हैं।
एक दिन पहले से ही राजस्थान से लेकर दिल्ली के बीच हवाओं का रुख बदलने लगा था। एनसीआर और दिल्ली में दोपहर बार से ही बारिश और ओले पड़ने का सिलसिला शुरू हो गया था। माैसम विशेषज्ञ डाॅ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि नमी बढ़ने से इस तरह माैसम में परिवर्तन आया है। इसे प्री मानूसनी बारिश भी कह सकते हैं। उन्होंने बताया कि 14 मिमी बारिश से खेतों में सतह तक पानी भर गया। आंधी से आम की फसल को काफी नुकसान हुआ है।
विज्ञापन
इससे पहले दिन में शहरियों को तापमान से अधिक गर्मी महसूस हुई। उमस की वजह से पसीने वाली गर्मी से सेहत के लिए भी खतरा बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जारी किया है कि अभी पांच दिन तक ऐसी ही स्थिति रहेगी। गरज-चमक के साथ बादल आएंगे लेकिन उमस बनी रहेगी। बुधवार को 24 घंटे में दिन का अधिकतम तापमान दो डिग्री कम हुआ है। यह सामान्य औसत से 41 डिग्री से 3.3 डिग्री कम है।
चक्रवात से तेजी से बढ़ रहा मानसून
अरब सागर में एक चक्रवात बना हुआ है। इसके असर से मानसून तेजी के साथ आगे बढ़ रहा है। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आने वाली हवाओं में नमी भी बढ़ रही है। इस कारण उमस से राहत नहीं मिलेगी। बादलों की आवाजाही और तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। -डॉ. एसएन सुनील पांडेय वरिष्ठ मौसम विज्ञानी
दिन में दो रूप देखने को मिले
इसके पहले दिन में मौसम के दो रूप देखने को मिल रहे हैं। तराई और पूर्वी इलाके में पूर्वा हवाओं के साथ बूंदाबांदी का दौर जारी है, वहीं बुंदेलखंड के बांदा, झांसी और आसपास के इलाकों में गर्म पछुआ हवा चलने से अभी भी लू जैसी परिस्थितियां हैं। यहां तापमान 45 डिग्री या इससे ऊपर बना हुआ है।
बुधवार को बहराइच, गोरखपुर, महराजगंज, कुशीनगर, लखीमपुर खीरी जैसे तराई इलाकों में गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हुई। वहीं लखीमपुर खीरी और बहराइच में कहीं-कहीं ओले भी गिरे। मौसम विभाग की ओर से बुधवार और बृहस्पतिवार को बस्ती, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर, सीतापुर में ओले गिरने का ऑरेंज अलर्ट है। वहीं बृहस्पतिवार को पूर्वी-तराई इलाके के 39 जिलों में तेज रफ्तार हवा चलने और कहीं-कहीं गरज चमक के साथ छिटपुट बूंदाबांदी और वज्रपात की चेतावनी है। इन इलाकों में कहीं कहीं 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी हवा भी चल सकती है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 22 से 24 मई के बीच प्रदेश में तेज रफ्तार पूर्वा हवा और बूंदाबांदी का विस्तार बढ़ेगा। पूर्वी और पश्चिमी दोनों संभागों में गरज चमक व छिटपुट बूंदाबांदी होगी।