चुनावी साल में अधिक से अधिक लोगों को सरकारी नौकरी देने की सरकार की मंशा को देखते हुए विभागीय स्तर पर इसके लिए कवायद शुरू कर दी गई है। इसी कड़ी में वाणिज्यकर विभाग में भी संग्रह अमीनों के रिक्त पदों को भरने के लिए प्रस्ताव तैयार करने का काम शुरू हो गया है। संभावना है कि वाणिज्यकर मुख्यालय की ओर से जल्द ही रिक्त पदों को भरने का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेज दिया जाएगा। इसके अलावा पदोन्नति कोटे के रिक्त पदों को भी भरने की तैयारी है। कर संग्रह सेवकों को भी पदोन्नति देने की कार्यवाही शुरू कर दी गई है। सरकार की कोशिश है कि चुनाव से अमीन के रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया पूरी कर ली जाए।
बता दें कि वाणिज्यकर विभाग में तैनात संग्रह अमीनों की राजस्व वसूली में प्रमुख भूमिका रहती है। लेकिन पिछले करीब 10 सालों ने तो सीधी भर्ती की गई और न ही प्रोन्नति दी गई है। इस वजह से सीधी भर्ती और प्रोन्नति कोटे के करीब 300 से अधिक पद खाली हैं। इस संबंध में कर्मचारी संगठन लगातार मांग भी कर रहे थे। वहीं, मुख्यमंत्री ने भी सरकारी विभागों में वर्षों से खाली पदों को भरने का निर्देश दिया था। इसके मद्देनजर विभागीय स्तर पर कार्यवाही शुरू करते हुए संग्रह अमीन के सीधी भर्ती और प्रोन्नति कोटे के रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
इसी कड़ी में जाइंट कमिश्नर (संग्रह) मुख्यालय की ओर से सभी जोन के एडिशनल कमिश्नरों से दोनों श्रेणी के संग्रह अमीनों के रिक्त पदों की संख्या की जानकारी मांगी है। ताकि जल्द से जल्द प्रस्ताव तैयार करके शासन को भेजा जा सके। वहीं सूत्रों का कहना है कि चूंकि संग्रह अमीनों की भर्ती विभागीय स्तर से होनी है, इसलिए कोशिश है कि शासन से अनुमोदन मिलते ही भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी जाए। ताकि विधानसभा चुनाव की अधिसूचना जारी होने से पहले भर्ती की कार्यवाही पूरी कर ली जाए।
संग्रह सेवकों को मिली प्रोन्नति
पिछले करीब 10 साल में प्रमोशन की प्रतीक्षा कर रहे संग्रह सेवकों को संग्रह अमीन पद पर प्रोन्नति दे दी गई है। प्रोन्नति देने के साथ ही इन्हें झांसी, वाराणसी, आगरा, प्रयागराज, कानपुर, गोरखपुर एवं गाजियाबाद जोन से संबंधित विभिन्न जिलों में तैनाती भी दे दी गई है।
इसी प्रकार प्रोन्नति कोटे के खाली संग्रह पर्यवेक्षक के 18 पदों पर भी अमीनों को प्रोन्नति दी गई है। इन्हें लखनऊ, अयोध्या, कानपुर, वाराणसी, मिर्जापुर इटावा, गौतमबुद्ध नगर, प्रयागराज, आगरा, अलीगढ़, बरेली, सहारनपुर, मेरठ, मुरादाबाद, गोरखपुर, झांसी, मुजफ्फरनगर, बिजनौर में तैनाती दी गई है। जाइंट कमिश्नर (संग्रह) मुख्यालय ज्योति भौंत ने आदेश जारी कर दिया है।