समाजवादी पार्टी के चुनावी घोषणा पत्र में सामाजिक न्याय, दलित-पीडीए कल्याण, महिला सशक्तिकरण और खेती-किसानी से जुड़े कई बड़े वादे किए गए हैं। दस्तावेज के मुताबिक, पार्टी ने सत्ता में आने पर गांवों की तस्वीर बदलने, किसानों को कर्ज व बिजली की राहत देने और हाशिए पर खड़े वर्गों को मुख्यधारा में लाने का खाका रखा है।
50 करोड़ तक के सरकारी ठेकों में दलित-पीडीए को 50% हिस्सा
घोषणा पत्र में सामाजिक न्याय पर जोर देते हुए 50 करोड़ रुपये तक के सरकारी ठेकों में दलित और पीडीए समाज के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण तय करने की बात कही गई है। साथ ही दलित उद्यमियों को आगे बढ़ाने के लिए दलित स्टार्ट-अप फंड बनाने और मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में दलित विकास परिषद के गठन का वादा शामिल है। इसके अलावा अनुसूचित जनजाति के लिए अलग बोर्ड, अनौपचारिक क्षेत्र के श्रमिकों के कल्याण के लिए बोर्ड, संविधान के अनुसार आरक्षण को प्रभावी ढंग से लागू करने और सरकारी नौकरियों में बैकलॉग पद भरने के लिए विशेष भर्ती अभियान चलाने की बात कही गई है।