रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया(आठवले) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय राज्यमंत्री रामदास आठवले ने सोमवार को प्रेसवार्ता में कहा कि पार्टी यूपी के पंचायत चुनाव में हाथ आजमाएगी। सभी सीटों पर पार्टी प्रत्याशी उतारेगी। इसी मकसद से 63 जिलों में कार्यकारिणी का गठन किया गया है। पांच अप्रैल 2026 को डिफेंस एक्सपो मैदान में बड़ी रैली की जाएगी। जिसमें एक लाख से अधिक कार्यकर्ता के भाग लेने का लक्ष्य रखा गया है।
केंद्र सरकार की सराहना करते हुए आठवले ने कहा कि नरेंद्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बने हैं। राहुल गांधी नेता प्रतिपक्ष हैं लेकिन वह असरदार साबित नहीं हो रहे हैं। चुनाव में संविधान बदलने, ईवीएम में गड़बड़ी करने और वोट चोरी करने का आरोप लगाया लेकिन जनता ने एनडीए में ही भरोसा जताया। इसमें राहुल गांधी पूरी तरह फेल हो गए। आगे उन्होंने कहा कि कांग्रेस से सपा का नुकसान ही हुआ है। इसलिए अखिलेश को कांग्रेस का साथ छोड़ देना चाहिए।
बिहार सीएम द्वारा नियुक्ति पत्र वितरण के दौरान युवती का हिजाब खींचने के मामले पर आठवले ने कहा कि नीतीश वरिष्ठ नेता हैं। उनकी भावना गलत नहीं थी लेकिन उनको ऐसा नहीं करना चाहिए था। हालांकि विपक्ष इस बात को लेकर जो मुद्दा बना रहा है वह नहीं करना चाहिए। नीतीश ने मुस्लिम समाज के लिए बहुत कुछ काम किए हैं।