गोंडा के नवाबगंज के तुलसीपुर माझा गांव में सोमवार को हृदयविदारक हादसा हो गया। खेत में सिंचाई कर रहे पति को खाना देने जा रही महिला और उसकी छह वर्षीय बेटी की टेढ़ी नदी में डूबने से मौत हो गई, जबकि एक अन्य बेटी को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
तुलसीपुर माझा गांव के मजरे यादव पुरवा निवासी राजिंदर यादव सोमवार को बंटाई पर लिए गए गेहूं के खेत की सिंचाई कर रहे थे। उनकी पत्नी सुनीता (40) करीब साढ़े 11 बजे अपनी दो बेटियों अंशु (6) और अशुभी (8) के साथ खाना लेकर खेत जा रही थीं। रास्ते में पड़ने वाली टेढ़ी नदी को पार करते समय दोनों बच्चियां पानी के तेज बहाव में डूबने लगीं। मां सुनीता ने दोनों को बचाने का प्रयास किया, जिसमें बड़ी बेटी अशुभी को तो सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन छोटी बेटी अंशु के साथ वह खुद नदी में डूब गईं।
घर से करीब 500 मीटर दूर स्थित नदी से शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीण अनिल सिंह दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने सुनीता और अंशु को मृत घोषित कर दिया। हादसे में बची अशुभी की हालत खराब होने पर उसे इलाज के लिए भर्ती किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर थानाध्यक्ष अभय सिंह मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। उपजिलाधिकारी विश्वमित्र ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर परिजनों से जानकारी ली और अस्पताल में भर्ती बच्ची का हाल जाना।