Illegal smugglers arrested: एसटीएफ के मुताबिक बीते कई दिनों से प्रदेश के जिलों में अवैध असलहों की तस्करी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के सक्रिय होने की सूचना मिल रही थी। उसी के अनुसार यह कार्रवाई की गई थी।
एसटीएफ ने बिहार और मध्य प्रदेश से असलहे लाकर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में दोगुने दाम पर बेचने वाले दो असलहा तस्करों अमरजीत और नौशाद को रविवार को शहीद पथ के पास से गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से नाइन एमएम की दो पिस्टल, .32 बोर की दो पिस्टल और एक तमंचा बरामद हुआ है। अमरजीत के खिलाफ सुल्तानपुर और अयोध्या में 17 एफआईआर दर्ज हैं।
विज्ञापन
एसटीएफ के मुताबिक बीते कई दिनों से प्रदेश के जिलों में अवैध असलहों की तस्करी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के सक्रिय होने की सूचना मिल रही थी। एसटीएफ के डिप्टी एसपी डीके शाही इसकी जांच कर रहे थे। जांच के दौरान सूचना मिली कि कुछ लोग अवैध असलहे की तस्करी करने आए हैं।
सूचना पर सुशांत गोल्फ सिटी थाने की अहिमामऊ चौकी इंचार्ज के साथ एसटीएफ की टीम ने दोनों को शहीद पथ के पास से दबोच लिया। तलाशी लेने पर उनके पास अवैध असलहे बरामद हुए। पूछताछ में सामने आया कि तस्कर अमरजीत सुल्तानपुर का निवासी है तथा राजधानी में भी अपने साथियों के साथ रहता है। वह असलहा तस्करी करने वालों का गैंग चलाता है। उसके गिरोह द्वारा बिहार एवं मध्य प्रदेश से 30-40 हजार रुपये मे असलहे खरीदने के बाद यूपी के अलग-अलग जिलों में 80 हजार से 1 लाख रुपये में बेचे जाते हैं। दोनों के खिलाफ सुशांत गोल्फ सिटी थाने में एफआईआर दर्ज की गई है।