आनंद विहार-लखनऊ के बीच सप्ताह में अप-डाउन चार-चार दिन चलने वाली 12584-83 डबल डेकर एक्सप्रेस खाली दौड़ रही है। दूसरी ओर अन्य ट्रेनों में कन्फर्म टिकट के लिए मारामारी रहती है। ऐसे में खाली दौड़ रही डबल डेकर एक्सप्रेस को रेलवे तीन नए स्टेशनों पर ठहराव देने की तैयारी में है। इसके बाद इस ट्रेन के बरेली आवागमन के समय में बदलाव हो जाएगा।
डबल डेकर एक्सप्रेस का संचालन प्रत्येक मंगलवार, बृहस्पतिवार, शुक्रवार और रविवार को होता है। 12584 आनंद विहार-लखनऊ डबल डेकर एक्सप्रेस आनंद विहार से दोपहर 2:05 बजे चलने के बाद शाम 6:17 बजे बरेली आती है और रात 10:25 बजे लखनऊ पहुंचती है। 12583 लखनऊ-आनंद विहार डबल डेकर एक्सप्रेस लखनऊ से तड़के 5:55 बजे चलने के बाद 8:18 बजे बरेली आती है और दोपहर 12:55 बजे आनंद विहार पहुंचती है। आनंद विहार-लखनऊ के बीच इस ट्रेन गाजियाबाद, मुरादाबाद और बरेली में ही है। अब इसे रामपुर, शाहजहांपुर व हरदोई में भी ठहराव देने की तैयारी है। तीन नए स्टेशनों पर ठहराव के बाद इस ट्रेन के बरेली आवागमन के समय में तब्दीली हो जाएगी।