यदि आप घर से निकल रहे हैं तो आपको समय से अपने गंतव्य पर पहुंचने को लेकर अब परेशान होने की जरूरत नहीं है।
किस रूट पर जाम है, कहां वीवीआईपी मूवमेंट है, कौन-सा रूट ब्लॉक है। इसकी जानकारी अब आपके स्मार्ट फोन पर मिल सकेगी। यह सब ‘यूपी ट्रैफिक एप’ से संभव हो सकेगा।
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, शहरों में बढ़ते यातायात दबाव व जाम से लोगों को राहत दिलाने के लिए यातायात निदेशालय ने मोबाइल एप ‘यूपी ट्रैफिक एप’ तैयार कराया है। इंटीग्रेटेड ट्रैफिक सिस्टम के तहत इसे जल्द ही लॉन्च करने की तैयारी है।
एडीजी ट्रैफिक अनिल कुमार अग्रवाल ने बताया कि इसमें लखनऊ समेत 12 शहरों को चुना गया है। इन शहरों के ट्रैफिक को गूगल मैप पर लाइव करने के लिए गूगल के अधिकारियों से संपर्क किया गया है।