सीएम योगी ने कहा कि 2017 में यूपी में सरकार बनने के बाद पीएम के मार्गदर्शन व नेतृत्व में हमने पौधरोपण अभियान प्रारंभ किया। सात वर्ष में भाजपा नेतृत्व की सरकार ने 168 करोड़ पौधरोपण किया। प्रदेश के अंदर थर्ड पार्टी के जरिए इनका सर्वे कराया तो पता चला कि 75-80 फीसदी पेड़ अभी भी जीवित हैं और अच्छी वाटिका के रूप में स्थापित हैं। वैश्विक संस्थाएं भी इसे मान्यता दे रही हैं। कार्बन उत्सर्जन से पर्यावरण को क्षति हो रही है। उसके बचाव के लिए किसानों ने पेड़ लगाने के अभियान के साथ अपना पंजीकरण कराया। वैश्विक संस्थाओं ने उनके कार्यों का निरीक्षण किया। ऐसे 10 किसानों को यहां कार्बन क्रेडिट के रूप में धनराशि उपलब्ध करवाने की व्यवस्था की गई। सरकार के प्रयास का परिणाम है कि उत्तर प्रदेश सरकार को इसके लिए 200 करोड़ का अनुदान प्राप्त हो रहा है। कार्बन उत्सर्जन रोकने में इन पेड़ों ने भी बड़ी भूमिका निभाई। पांच वर्ष तक किसानों को लगातार यह धनराशि मिलेगी। पहले चरण में 25 हजार किसानों को इस सुविधा का लाभ प्रदान कर रहे हैं।
वन विभाग के नेतृत्व में हर कोई इस अभियान से जुड़ा है
सीएम योगी ने कहा कि हर कोई आज इस अभियान के साथ जुड़ा है। राज्यपाल सीतापुर में इस अभियान को बढ़ा रही हैं। वन विभाग के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार के सभी विभाग इससे जुड़े हैं। हर जनपद, सभी मंत्री, सांसद, विधायक, महापौर, ब्लाक प्रमुख समेत जनप्रतिनिधि भी जुड़े हैं। प्रदेश में पौधों की कमी नहीं है। वन व उद्यान विभाग के पास 50 करोड़ और निजी नर्सरी में चार करोड़ पौधे हैं। सीएम ने विश्वास जताया कि सायंकाल होते-होते शुभ सूचना मिलेगी कि उत्तर प्रदेश ने अपने लक्ष्य को प्राप्त किया है। जब 'एक पेड़ मां के नाम' पर लगा रहे हैं तो इसे बचाने की जिम्मेदारी भी हमारी है। पेड़ बचेगा तो पर्यावरण भी बचेगा। पर्यावरण बचेगा तो ग्लोबल वार्मिंग और हीट वेब की विभीषिका से बच पाएंगे। खतरे की घंटी बज चुकी है।
बाराबंकी में विरासत वृक्ष ने कई पीढ़ियों को देखा
सीएम योगी ने कहा कि पीएम आवास योजना के 56 लाख लाभार्थियों के घरों में सहजन का पेड़ भी लग रहा है। प्रदेश में सरकार ने विरासत वृक्षों को बचाने की मुहिम को बढ़ाया है। हमें 100 वर्ष से अधिक आयु के पेड़ों को बचाना है। बारांबकी में कल्पवृक्ष है। उसकी आयु 5000 वर्ष है। इसने कई पीढ़ियां देखी हैं। द्वापर युग का यह पेड़ मौजूद है। वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने अतिथियों का स्वागत और प्रधान मुख्य वन संरक्षक- विभागाध्यक्ष सुधीर कुमार शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर महापौर सुषमा खर्कवाल, राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा, बृजलाल, संजय सेठ, विधायक ओपी श्रीवास्तव, डॉ. नीरज बोरा, योगेश शुक्ला, विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा, संतोष सिंह, इंजी. अवनीश सिंह, रामचंद्र प्रधान, अपर मुख्य सचिव (पर्यावरण व वन) मनोज कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।
सीएम ने छात्र-छात्राओं को भेंट किया पौधा
विद्यार्थियों में पर्यावरण की अलख जगाने के उद्देश्य से सीएम योगी आदित्यनाथ ने विद्यार्थी अतुल कुमार आनंद, अर्पित सिंह, शिष्ट कुमार तिवारी, पल्लवी शुक्ला, आकांक्षा दुबे को पौध भेंट किया। सीएम ने विद्यार्थियों को पौध लगाने और इसके संरक्षण का आग्रह किया।
10 किसानों को कार्बन क्रेडिट कार्ड से हुई आय का चेक वितरित किया
पर्यावरण को सुरक्षित रखकर किसानों को कार्बन क्रेडिट कार्ड से भी आय होती है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने इससे होने वाली आय का चेक किसानों को वितरित किया। चेक पाने वाले किसानों में ठाकरी सिंह, सितारा चंद्र, सलीम अहमद, विजयलक्ष्मी, विनोद कुमार, रामलोटन, प्रेमशंकर, कुलविंदर सिंह बाधवा, प्रभा देवी, व्यासमुनि मिश्र को कार्बन क्रेडिट कार्ड से होने वाली आय का चेक देकर सम्मानित किया।