मंत्री दिनेश सिंह ने दी कार्यक्रम की जानकारी।
- फोटो : अमर उजाला।
अवध शिल्पग्राम शुक्रवार फलों के राजा आम की खुशबू से महक उठेगा। यहां शुरू हो रहे तीन दिवसीय आम महोत्सव में अपने उत्पादित आमों की विभिन्न प्रजातियों को लेकर प्रदेश भर से 100 से अधिक किसान पहुंच चुके हैं। शुक्रवार को सीएम योगी आदित्यनाथ इसका उद्घाटन करेंगे। महोत्सव को यादगार बनाने के लिए उद्यान विभाग के आला अधिकारी और प्रदेश भर से पहुंच चुके करीब 100 किसान वृहस्पतिवार पूरे दिन तैयारी में जुटे रहे। महोत्सव स्थल पर दशहरी, लंगड़ा, चौसा, आम्रपाली, आमन नफीस, सफेदा समेत करीब 100 प्रजातियों के आम पहुंच चुके हैं। सभी उत्पादकों को उम्मीद है कि उनका आम महोत्सव में उन्हें सम्मानित करा सकता है।
मोदी मैंगो के साथ पहुंचे उपेंद्र
मलिहाबाद नवीपनाह के प्रगतिशील किसान उपेंद्र कुमार सिंह अपने द्वारा तैयार मोदी मैंगो के साथ वृहस्पतिवार महोत्सव स्थल पहुंच गए। उन्होंने बताया कि नई तकनीकि से उन्होंने इसे तैयार किया है। अपने आम के साथ उन्होंने मोदी मैंगो की नेम प्लेट और सरकार का प्रमाणपत्र भी लगाया है। उन्हें उम्मीद है कि महोत्सव में पुरस्कार के लिए उनके आम का चयन किया जा सकता है।-
पछेला लंगड़े से ऊंची छलांग की उम्मीद
करीब साढ़े सात एकड़ में आम की खेती करने वाले मेरठ मुस्तफीज खान वैसे तो अपने बाग में उत्पादित 10 प्रजाति के आम लेकर पहुंचे हैं। जिसमें पछेला लंगड़ा भी शामिल है। उनका मानना है कि उनके द्वारा उत्पादित यह आम उन्हें सम्मान दिला सकता है।
अयाज को हाथी झूल के भारी पड़ने की उम्मीद
बागपत निवासी किसान अयाज के हाथी झूल आम भी प्रदर्शनी में लगे हैं। यह सभी आम आकार में काफी बड़े हैं। उसमें शामिल एक आम अकेले सवा दो किलो का है। अजाय का कहना है कि भले ही उनका यह आम उन्हें सम्मानित न करा सके, लेकिन प्रदर्शनी में आकर्षण का केंद्र उन्हीं का स्टाल रहेगा।