Jobs in UP: परीक्षा नियंत्रक विधान जायसवाल ने बताया कि परीक्षा पाठ्यक्रम आयोग की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है। अभ्यर्थी इसे पढ़कर परीक्षा के लिए तैयारी करें।
प्रदेश में सहायक स्टोर कीपर के 199 व सहायक ग्रेड तीन के एक पद पर चल रही भर्ती के लिए अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने मंगलवार को लिखित परीक्षा के लिए परीक्षा योजना व पाठ्यक्रम जारी कर दिया है। इसके अनुसार परीक्षा 100 नंबर की होगी। परीक्षा में 100 सवाल एक-एक नंबर के पूछे जाएंगे। परीक्षा में निगेटिव मार्किंग भी होगी।
विज्ञापन
आयोग के परीक्षा नियंत्रक विधान जायसवाल ने बताया कि परीक्षा में सामान्य बुद्धि परीक्षण, सामान्य जानकारी, हिंदी ज्ञान और लेखन, कंप्यूटर व सूचना प्रौद्योगिकी व उत्तर प्रदेश की सामान्य जानकारी से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे। उन्होंने बताया कि परीक्षा पाठ्यक्रम आयोग की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है। अभ्यर्थी इसे पढ़कर परीक्षा के लिए तैयारी करें।
औपबंधिक अभ्यर्थियों की सुनवाई 24 को
अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से सहायक सांख्यिकी अधिकारी व सहायक शोध अधिकारी भर्ती का अंतिम परिणाम जून में जारी किया गया था। इसमें औपबंधिक रूप से चयनित 13 अभ्यर्थियों को आवश्यक प्रमाणपत्र प्रस्तुत करने व सुनवाई के लिए 24 सितंबर की तिथि तय की गई है। आयोग के सचिव अवनीश सक्सेना ने बताया कि ये अभ्यर्थी आवश्यक दस्तावेज के साथ सुबह 10 बजे आयोग के लखनऊ कार्यालय में उपस्थित हों।