लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट पर पहली बार दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा विमान बोइंग 777-300 ईआर उतरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसी विमान से पहुंचे थे। इस ऐतिहासिक लैंडिंग से लखनऊ एयरपोर्ट से लंबी दूरी की अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की संभावनाएं मजबूत हुई हैं।
दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा विमान एयर इंडिया वन पहली बार अमौसी एयरपोर्ट पर उतरा। बृहस्पतिवार को राष्ट्र प्रेरणा स्थल का उद्घाटन करने पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसी विशेष विमान बोइंग 777-300 ईआर से आए थे। लगभग 73.9 मीटर (242 फीट) लंबा यह विमान एयरबस ए-380 (72.7 मीटर) से भी अधिक लंबा है।
विज्ञापन
इस सफल लैंडिंग ने लखनऊ एयरपोर्ट से लंबी दूरी के बड़े जहाजों के संचालन का रास्ता साफ कर दिया है। एयरपोर्ट प्रशासन ने बताया कि सुरक्षित लैंडिंग के लिए जरूरी बुनियादी ढांचे और अग्निशमन मानकों की अनुपालन रिपोर्ट के बाद नियामक एजेंसी ने इस विमान के संचालन की अनुमति दी थी।
इस उपलब्धि के साथ ही लखनऊ एयरपोर्ट ने अपने डिजाइन और क्षमता के अनुसार दुनिया के सबसे बड़े विमानों को संभालने का रिकॉर्ड बनाया है। अब लखनऊ से यूरोप, अमेरिका और सुदूर पूर्व एशिया के लिए सीधी लंबी उड़ानों की संभावनाएं प्रबल हो गई हैं।
विज्ञापन
बोइंग 777-300 ईआर की यात्री क्षमता सामान्यतः 365 से 396 है, जो अधिकतम 550 तक जा सकती है। क्षमता के मामले में यह एयरबस ए-380 और बोइंग 747-8 के बाद विश्व का तीसरा सबसे बड़ा विमान है। इसमें लगे जीई 90-115बी इंजन दुनिया के सबसे शक्तिशाली कॉमर्शियल जेट इंजन हैं। दो इंजन होने के कारण यह ईंधन की काफी बचत करता है, यही वजह है कि एमिरेट्स, एयर इंडिया और यूनाइटेड जैसी प्रमुख एयरलाइंस इसे अपने बेड़े का मुख्य हिस्सा मानती हैं।