प्रदेश के 14 जिला सहकारी बैंकों के कर्मचारियों को बड़ी राहत मिली है। इन बैंकों के कर्मचारियों का वर्ष 2011 का वेतनमान मंजूर कर दिया गया है। यह निर्णय सहकारिता राज्यमंत्री जेपीएस राठौर की अध्यक्षता में सोमवार को हुई बैठक में लिया गया।
उत्तर प्रदेश स्टेट कोऑपरेटिव बैंक मुख्यालय सभागार में सोमवार को हुई बैठक में बैंक कर्मियों को वर्ष 2011 का वेतनमान देने का फैसला लिया गया। प्रदेश के 16 नवीन लाइसेंस प्राप्त जिला सहकारी बैंकों में से छह बैंकों को इस निर्णय से लाभ मिलेगा। इन बैंकों में 30 वर्षों से अधिक समय से वेतन पुनरीक्षण लंबित था। इसी तरह आठ अन्य जिला सहकारी बैंक में करीब 20 साल से वेतन पुनरीक्षण लंबित था। इस तरह 14 बैंक कार्मिकों को वर्ष 2011 का वेतनमान प्रदान किया जाएगा।
यहां के बैंकों को मिलेगा लाभ
छह जिला सहकारी बैंकों में बहराइच, बलिया, सुल्तानपुर, जौनपुर, सिद्धार्थनगर और हरदोई स्थित बैंक हैं। इसी तरह देवरिया, गाजीपुर, वाराणसी, सीतापुर, अयोध्या, फतेहपुर, आजमगढ़ और गोरखपुर के आठ बैंक भी शामिल हैं। बैठक में अन्य 34 जिला सहकारी बैंकों के वेतन पुनरीक्षण पर भी चर्चा हुई। इन्हें नाबार्ड द्वारा निर्धारित मानकों को पूरा करने पर लाभ मिलेगा।