कुछ जिलों में सुबह हल्का कोहरा दिख रहा है।
- फोटो : लखनऊ
उत्तर प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में तापमान में गिरावट थमी है और दिन में धूप खिलने से तापमान में बढ़त देखने को मिली है। बृहस्पतिवार को उरई, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, बहराइच आदि जिलों में दिन का पारा 33 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा। अन्य कई जिलों में भी दिन का पारा सामान्य से अधिक दर्ज हुआ। हालांकि रात से लेकर सुबह तक हल्की ठंडक बनी हुई है।
माैसम विभाग का कहना है कि अब अगले कुछ दिनों तक यूपी के माैसम में कोई खास बदलाव के आसार नहीं है। अगले कुछ दिनों तक अधिकतम तापमान में हल्की बढ़त के संकेत हैं। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्रदेश में फिलहाल कोई वेदर सिस्टम सक्रिय नहीं है। ज्यादातर जिलों में दिन व रात के पारे में हल्की बढ़त नजर आएगी। शुष्क पछुआ हवा और दिन में तेज धूप खिलने से कई जिलों में अधिकतम तापमान 34 डिग्री के पार भी जा सकता है।