भैंसों को उठाकर ले गई टीम।
- फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
महापौर बोली- ये बर्दाश्त नहीं होगा
अवैध डेयरियों पर छापामार कार्रवाई के बाद डेयरी संचालकों की ओर से पुलिस बल पर किए गए हमले से मंगलवार को मेयर और नगर आयुक्त आक्रोशित दिखे। नाराज महापौर सुषमा खर्कवाल व नगर आयुक्त गौरव कुमार ने खुद मौके पर मौजूद रहकर कार्रवाई की कमान संभाली और पुलिस व पीएसी के सहयोग से अवैध डेयरियों के 197 मवेशियों को जब्त कर लिया। उधर, पुलिस हमला करने वालों के खिलाफ गैंगस्टर लगाने की तैयारी कर रही है।
महापौर सुषमा खर्कवाल ने बताया कि रविवार को अवैध डेयरियों के खिलाफ कार्रवाई करने गई नगर निगम एवं पुलिस की टीम पर स्थानीय अराजक तत्वों ने हमला किया था। इस घटना में नगर निगम एवं पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी घायल हुए थे। एक दरोगा को भी पकड़कर पीटा गया था। अब सरकारी कार्य में बाधा डालने या टीम के साथ अभद्रता एवं हमला करने वालों के खिलाफ भी नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
मंगलवार सुबह नगर निगम की टीम ने सुबह से ही गादियाना क्षेत्र में कार्रवाई चालू कर दी। मंगलवार को भारी पुलिस बल की मौजूदगी में रविवार को दबंगई दिखाने वाले डेयरी संचालकों की एक न चली। बताया गया कि इलाके में कई वर्षोंं से अवैध डेयरी चल रही है और सड़कों पर गोबर भरा रहता है। पशु कल्याण अधिकारी डॉ अभिनव वर्मा ने बताया कि अभियान के दौरान अवैध रूप से रखी गईं कुल 197 भैंसें पकड़ी गईं। पकड़े गए पशुओं को शहर के विभिन्न कांजी हाउसों में रखा गया है।
हमलावरों को झेलनी होगी गैंगस्टर की कार्रवाई
नगर निगम की टीम पर हमला करने वालों के खिलाफ पुलिस अब गैंगस्टर की कार्रवाई की तैयारी कर रही है। रविवार को ही दो महिलाओं (खुशबून और आफरीन) को गिरफ्तार कर जेल भेजने के बाद अब पुलिस 13 से अधिक नामजद आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा दर्ज करने वाली है।
हमला करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी
पुलिस का कहना है कि दबिश दी जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस उपायुक्त पश्चिमी कमलेश दीक्षित ने बताया कि राजकता फैलाने और पुलिस-प्रशासन की टीम पर हमला करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।