उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा एक ही शिफ्ट में परीक्षा कराने को लेकर प्रयागराज में जारी अभ्यर्थियों का प्रदर्शन और अन्य शहरों में भी फैलने लगा है। बृहस्पतिवार दोपहर को अभ्यर्थियों ने लखनऊ और बाराबंकी में भी प्रदर्शन किया। लखनऊ में लखनऊ विश्वविद्यालय की समाजवादी छात्र सभा इकाई के द्वारा प्रदर्शन किया गया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने लोकसेवा आयोग का पुतला जलाया। वहीं, बाराबंकी में शहर से गुजरे लखनऊ अयोध्या हाईवे पर एकत्र छात्र, बैनर, पोस्टर और तख्ती लिए छात्र एकता जिंदाबाद और एक ही शिफ्ट में परीक्षा कराने के जोरदार नारे लगा रहे थे। कई छात्रों ने बताया कि प्रयागराज में इसे लेकर संघर्ष हो रहा है और वह भी इस आंदोलन में अपनी पूरी भागीदारी करेंगे।
छात्रों द्वारा शहर के पटेल तिराहे से बस अड्डा होते हुए स्टेशन रोड की ओर निकाले गए जुलूस के कारण सड़क पर जाम के हालात पैदा हो गए। करीब एक घंटे तक सैकड़ों वाहन बाराबंकी शहर में ही फंसे रहे। इससे बस स्टेशन पर संचालित बसों का आवागमन व संचालन भी प्रभावित हुआ। शहर कोतवाल आलोक मणि त्रिपाठी व अन्य पुलिसकर्मी भीड़ को नियंत्रित करने में लग रहे।