सार
लखनऊ में ऑनलाइन गेम की लत से ग्रस्त सातवीं का छात्र छह घंटे तक बेड के बॉक्स में छिपा रहा, जबकि पुलिस उसकी तलाश करती रही। बाद में वह घर में मिला। पुलिस ने अभिभावकों को बच्चों पर निगरानी और संवाद बढ़ाने की सलाह दी। पहले भी गेम लत से जुड़ी गंभीर घटना सामने आ चुकी है।
लखनऊ में ऑनलाइन गेम खेलने का लती सातवीं कक्षा का छात्र छह घंटे तक बेड के भीतर छिपा रहा। वह शुक्रवार सुबह स्कूल जाने के लिए तैयार हुआ, लेकिन विद्यालय नहीं पहुंचा। काफी देर तक छात्र के वापस नहीं आने पर परिजन परेशान हो गए। खोजबीन भी की, लेकिन छात्र का कुछ पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
निगोहां पुलिस ने बच्चे की तलाश शुरू की। कई चौराहे, जंगल और खेत खलिहान में छात्र की तलाश की गई, लेकिन उसका पता नहीं चला। परिजनों ने संदेह होने पर घर में तलाशी ली तो छात्र डबल बेड के भीतर छिपा मिला।