PDA Pathshala in UP: सपा बीते कुछ दिनों से जिलों में पीडीए पाठशाला चला रही है। लखनऊ में सपा नेता के द्वारा पीडीए पाठशाला चलाए जाने पर उन पर एफआईआर हुई है।
बेसिक शिक्षा विभाग की ओर कम छात्र संख्या का हवाला देकर विलय किए गए प्राथमिक विद्यालय उमरभारी में पीडीए पाठशाला चलाए जाने पर सपा नेता के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक आशुतोष मिश्रा ने सैरपुर थाने में तहरीर देकर स्कूल की रसोइयां से जबरन ताला खुलवाकर उसमें पीडीए पाठशाला चलाने का आरोप लगाया है।
विज्ञापन
प्रधानाध्यापक ने तहरीर में कहा है कि एक जुलाई को विद्यालय का विलय करीब के ही बढ़ौली गांव में कर दिया गया। खाली विद्यालय परिसर में रसोइयां मालती रहती हैं जो साफ-सफाई का काम देखती हैं। कुछ दिन पहले सपा नेता पूजा शुक्ला ने विद्यालय का ताला तोड़कर परिसर में पीडीए पाठशाला चलाई और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर डाला। इसकी सूचना प्रधानाध्यापक ने उच्चाधिकारियों को दी। इस पर घटना में शामिल लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाने के निर्देश दिए गए।
बीएसए रामप्रवेश का कहना है कि उमरभारी प्राथमिक विद्यालय में पूजा शुक्ला ने जबरन घुसकर विद्यालय का संचालन किया और उसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित किया। इसके बाद प्रधानाध्यापक की ओर से तहरीर देकर एफआईआर दर्ज कराई गई है। एसीपी बीकेटी अमोल मुरकुट का कहना है कि केस दर्ज किया गया है। पुलिस गंभीरता से मामले की जांच कर रही है।