प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर इंडिया गठबंधन ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। गठबंधन के प्रमुख घटक दल समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस ने सभी 403 विधानसभा सीटों पर मजबूत प्रत्याशियों के चयन के लिए संयुक्त रणनीति बनाई है। इसके तहत दोनों दलों की ओर से कुल 806 दावेदारों की गहन स्क्रूटनी की जाएगी। इस प्रक्रिया के बाद ही उम्मीदवारों के नामों पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
हर सीट से सपा और कांग्रेस के एक-एक दावेदार का नाम होगा शामिल
योजना के मुताबिक, प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से सपा और कांग्रेस के एक-एक प्रमुख दावेदार का नाम संयुक्त सूची में शामिल किया जाएगा। इस तरह प्रदेश की सभी 403 सीटों के लिए 806 संभावित प्रत्याशियों का पैनल तैयार होगा। सूची में जगह मिलने का मतलब टिकट की गारंटी नहीं होगा। सभी दावेदारों को निर्धारित मानकों पर परखा जाएगा।
जातीय समीकरण, जनाधार व स्थानीय मुद्दों के आधार पर होगा आकलन
प्रत्याशियों के चयन के लिए सपा और कांग्रेस की संयुक्त कमेटी गठित की जाएगी। यह कमेटी प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के जातीय समीकरण, स्थानीय मुद्दों और दावेदारों के व्यक्तिगत जनाधार का बारीकी से आकलन करेगी। इसका उद्देश्य ऐसे प्रत्याशी का चयन करना है, जिसकी संबंधित सीट पर जीतने की संभावना सबसे अधिक हो।
शीर्ष नेतृत्व लेगा अंतिम फैसला
संयुक्त कमेटी सभी 806 दावेदारों की जमीनी स्थिति की पड़ताल कर अपनी रिपोर्ट गठबंधन के शीर्ष नेतृत्व को सौंपेगी। सूत्रों के अनुसार, स्क्रूटनी के बाद सामने आए नामों पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव आपसी सहमति से अंतिम निर्णय लेंगे। गठबंधन के नेताओं का मानना है कि समय रहते शुरू की गई इस संयुक्त कवायद से चुनावी तैयारियों के साथ सीटों के बंटवारे की प्रक्रिया को भी लाभ मिलेगा।