फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी : कैबिनेट मंत्री जितिन प्रसाद के साथ छह मंत्रियों को मिली जिम्मेदारी, जानिए किसे कौन-कौन सा मिला मंत्रालय

Mon, 27 Sep 2021 10:07 PM IST
पंकज श्रीवास्‍तव न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ

सार

- जितिन को प्राविधिक शिक्षा विभाग की कमान
- संगीता सहकारिता, दिनेश जलशक्ति, धर्मवीर औद्योगिक विकास,
- पलटू राम सैनिक कल्याण, गंगवार राजस्व व संजीव समाज कल्याण राज्यमंत्री
विज्ञापन
मुख्यमंत्री योगी और राज्यपाल के साथ नए मंत्री - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

योगी मंत्रिमंडल में शामिल किए गए सात नए मंत्रियों को सोमवार को विभागों का आवंटन कर दिया गया। कैबिनेट मंत्री बनाए गए जितिन प्रसाद को प्राविधिक शिक्षा विभाग की कमान सौंपी गई है। इसके अलावा छह राज्यमंत्रियों को भी विभाग आवंटित कर दिए गए हैं। संगीता बलवंत को सहकारिता व दिनेश खटिक को जलशक्ति एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग दिया गया है। पलटू राम को सैनिक कल्याण, होमगार्ड, प्रान्तीय रक्षक दल एवं नागरिक सुरक्षा विभाग, छत्रपाल गंगवार को राजस्व, धर्मवीर प्रजापति को औद्योगिक विकास, संजीव कुमार गोंड को समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग मिला है। गोपन विभाग की ओर से नए मंत्रियों को विभाग आवंटन संबंधी आदेश जारी कर दिया गया है।

विज्ञापन


गौरतलब है कि पहले कमलरानी वरुण प्राविधिक शिक्षा मंत्री थीं। उनके निधन के बाद प्राविधिक शिक्षा विभाग मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पास था। उन्होंने इस विभाग का दायित्व अब जितिन प्रसाद को सौंपा है। जलशक्ति एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग में मौजूदा समय में एक राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख पहले से हैं। दिनेश खटिक को इस विभाग का दूसरा राज्यमंत्री बनाया गया है। इसी तरह समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग में भी जी.एस. धर्मेश पहले से राज्यमंत्री हैं। संजीव कुमार को इसी विभाग का दूसरा राज्यमंत्री बनाया गया है। राजस्व विभाग में पहले विजय कश्यप राज्यमंत्री थे। पिछले दिनों उनका निधन हो गया था। अब छत्रपाल गंगवार को राजस्व विभाग में राज्यमंत्री का दायित्व सौंपा गया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंत्रिमंडल में शामिल नए सदस्यों को विभागों का दायित्व मिल जाने पर बधाई दी है। सीएम योगी ने ट्वीट करके कहा है कि ‘मुझे विश्वास है कि आप सभी के कुशल, अनुभवी एवं कर्मठ नेतृत्व में विभाग विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा। आप सभी के उज्ज्वल कार्यकाल हेतु अनंत शुभकामनाएं।’
विज्ञापन


उल्लेखनीय है कि विधानसभा चुनाव से करीब छह माह पहले योगी आदित्यनाथ मंत्रिपरिषद का बहुप्रतीक्षित विस्तार रविवार को हो गया था। योगी मंत्रिमंडल में सात नए चेहरे शामिल किए गए। इनमें कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद को कैबिनेट मंत्री बनाया गया, जबकि बाकी छह ने राज्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी।

पंचायत चुनाव के बाद से ही योगी मंत्रिमंडल के विस्तार की अटकलें शुरू हो गई थीं। इसे लेकर लखनऊ से दिल्ली तक कई बार बैठकों का दौर चला। 23 सितंबर को मुख्यमंत्री आवास पर भाजपा के चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में हुई भाजपा कोर कमेटी की बैठक में मंत्रिमंडल विस्तार पर सहमति बनी।

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के रविवार को लखनऊ लौटने के बाद शाम को मंत्रिमंडल विस्तार का कार्यक्रम तय हो गया। रविवार शाम छह बजे राजभवन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, डॉ. दिनेश शर्मा, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने एक कैबिनेट और छह राज्यमंत्रियों को शपथ ग्रहण कराई थी।
विज्ञापन



नए मंत्रियों को यह विभाग

जितिन प्रसाद - प्राविधिक शिक्षा विभाग

संगीता बलवंत  -  सहकारिता विभाग

दिनेश खटीक  -  जलशक्ति एवं बाढ़ नियंत्रण

पल्टूराम -   सैनिक कल्याण, होमगार्ड, प्रान्तीय रक्षक दल एवं नागरिक सुरक्षा विभाग

छत्रपाल गंगवार  -  राजस्व विभाग

धर्मवीर प्रजापति  -  औद्योगिक विकास

संजीव कुमार गोंड  -  समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें