पंचायत चुनाव के लिए कराए गए मतदाता पुनरीक्षण अभियान में 18196367 नए मतदाताओं को जोड़ा गया है। अभियान में 14176809 मतदाताओं के नाम हटाए भी गए हैं। राज्य निर्वाचन आयुक्त आरपी सिंह ने बताया कि पुनरीक्षण में पिछली मतदाता सूची की अपेक्षा 4019558 (3.26 फीसदी) मतदाता बढ़े हैं।
पत्रकारों से बृहस्पतिवार को बातचीत में उन्होंने बताया कि पुनरीक्षण से पहले पंचायत चुनाव की मतदाता सूची में 122950052 वोटर थे। अब ये संख्या 126969610 हो गई है। उन्होंने बताया कि जो नाम काटे गए हैं उनमें मृत, विस्थापित व डुप्लीकेट मतदाता शामिल हैं। इनमें सबसे अधिक 5367410 डुप्लीकेट मतदाता थे।
आंकड़ों के मुताबिक 18 से 23 वर्ष के ऐसे लोग जो पहली बार वोटर बने उनकी संख्या 1.05 लाख रही। उन्होंने बताया कि पुनरीक्षण के दौरान नए वोटरों को जोड़ने को प्राथमिकता दी गई। ये भी सुनिश्चित किया गया कि कोई भी अयोग्य वोटर सूची में न रहे। तराई के जिलोंं में सबसे अधिक मतदाता बढ़े हैं।