राज्य कर विभाग की एसआईबी (विशेष अनुसंधान शाखा) की टीमों ने फरवरी में कर चोरी रोकने के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाया। इस दौरान विभिन्न विसंगतियां मिलने पर 19 प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई करके 3.29 करोड़ रुपये जमा कराए गए हैं। इस उपलब्धि पर उच्चाधिकारियों ने अयोध्या जोन की प्रशंसा की है।
अयोध्या जोन के नौ जिले के तीन संभाग में एसआईबी की तीन टीमें कार्य करती हैं। फरवरी में विभिन्न मामलों में कर चोरी या अन्य विसंगतियां मिलने पर 3.09 करोड़ रुपये का लक्ष्य तय था। इनमें संभाग ए और बी को क्रमश: 1.22-1.22 करोड़ और गोंडा संभाग के तीन जिलों से 65 लाख रुपये न्यूनतम जमा कराना था। इसके सापेक्ष संभाग ए और बी ने आठ व छह प्रतिष्ठानों पर छापा मारकर कार्रवाई की। जांच के दौरान गड़बड़ियां मिलने पर क्रमश: 1.22 करोड़ और 66.80 लाख रुपये जमा कराए हैं। जबकि गोंडा संभाग की टीमों ने बेहतर कार्य करते हुए पांच प्रतिष्ठानों से ही 1.40 करोड़ रुपये जमा कराए हैं।
अपर आयुक्त ग्रेड-1 संतोष कुमार ने बताया कि एसआईबी ने सिगरेट व्यापारी से 40 लाख, मोबाइल टेलीकम्युनिकेशन की दुकान से 28.60 लाख, कंस्ट्रक्शन की फर्म से 20 लाख, गोंडा में एक ज्वैलरी शॉप से 6.28 लाख रुपये जमा कराए गए हैं। इसके अलावा अन्य मामलों में भी कार्रवाई हुई है। व्यापारियों से अपील है कि समय से कर जमाकर देश की उन्नति और तरक्की में सहयोगी बनें।