यूपी रोडवेज में बदली रहेंगी बसें।
आने वाले समय में यूपी रोडवेज आपको बदली-बदली दिखने वाली है। यहां पर डीजल की जगह इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी। उत्तर प्रदेश के परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने बताया कि परिवहन निगम की बसों को इलेक्ट्रिक बसों से रिप्लेस किया जाएगा। इसके अंतर्गत पांच हजार इलेक्ट्रिक बसों के लिए टेंडर 14 जून को फाइनल हो जाएगा।
परिवहन मंत्री ने बताया कि पहले चरण में प्रयागराज, आगरा और गाजियाबाद से जुड़े जिलों के बीच लगभग 200 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली इलेक्ट्रिक बसें लगाई जाएंगी। प्रयागराज से नजदीकी जिले जैसे बनारस, कानपुर, विंध्याचल धाम,चित्रकूट, अयोध्या, लखनऊ आदि को जोड़ा जाएगा। इसी तरह आगरा और गाजियाबाद रीजन के निकटवर्ती जिलों को भी इलेक्ट्रिक वाहनों से जोड़ा जाएगा।
परिवहन मंत्री ने बताया कि इलेक्ट्रिक बसें अनुबंध के आधार पर लगाई जाएगीं। बसों पर रखे जाने वाले चालक बस मालिक ही रखेंगे। परिचालक वाहन मालिक स्वयं भी रख सकते हैं अथवा यूपीएसआरटीसी भी उपलब्ध करा सकती है। उन्होंने बताया कि इलेक्ट्रिक बसों का किराया वर्तमान में चल रही एसी बसों के बराबर ही होगा।
उन्होंने बताया कि चार्जिंग स्टेशन के लिए जमीन और बिजली कनेक्शन परिवहन निगम उपलब्ध कराएगा। परिवहन निगम के डिपो में यह व्यवस्था उपलब्ध होगी। इन बसों का 12 वर्षों तक मेंटेनेंस वाहन स्वामी स्वयं करेंगे। ड्राइवर की ट्रेनिंग की व्यवस्था भी वाहन स्वामियों को ही करनी होगी।