श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने मंदिर के संचालन और प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाते हुए अपने पहले फुल-टाइम चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO) के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मंगलवार को एक हाई-पावर पैनल ने इस पद के लिए शॉर्टलिस्ट किए गए 18 उम्मीदवारों का इंटरव्यू शुरू किया।
देशभर से करीब 5,200 आवेदन प्राप्त हुए थे
ट्रस्ट के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, CEO पद के लिए देशभर से करीब 5,200 आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें से चयन प्रक्रिया के बाद 18 उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है। सभी उम्मीदवार सोमवार देर रात अयोध्या पहुंच गए थे। ट्रस्ट की ओर से दी गई व्यवस्था के अनुसार, उम्मीदवारों के ठहरने का इंतजाम मंदिर नगरी में अलग-अलग स्थानों पर किया गया है।
अधिकारी के अनुसार, इंटरव्यू लेने के लिए गठित हाई-पावर पैनल उम्मीदवारों की प्रशासनिक क्षमता, प्रबंधन अनुभव और जिम्मेदारियों को संभालने की योग्यता का आकलन कर रहा है। CEO की नियुक्ति के बाद ट्रस्ट के कामकाज को अधिक व्यवस्थित और पेशेवर तरीके से संचालित करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
वित्तीय व्यवस्था में महत्वपूर्ण माना जा रहा
ट्रस्ट ने मंदिर के लिए मिले दान में कथित गड़बड़ी का मामला सामने आने के बाद फुल-टाइम CEO नियुक्त करने का फैसला लिया था। इस पद को ट्रस्ट की प्रशासनिक और वित्तीय व्यवस्था में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद योग्य उम्मीदवार की नियुक्ति की जाएगी।