उत्तर प्रदेश में मौसम साफ होने के साथ गर्मी फिर बढ़ने लगी है। बारिश कम होने से तापमान में लगातार वृद्धि होगी और उमस भी बढ़ेगी। अगले कुछ दिनों में तापमान 8 से 10 डिग्री तक बढ़ने की संभावना है, जिससे लोगों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ेगा।
उत्तर प्रदेश में गर्मी दोबारा वापसी के लिए तैयार है। मौसम विभाग के मुताबिक यूपी में विक्षोभ कमजोर पड़ा है और बुधवार को सिर्फ सिद्धार्थनगर आदि तराई इलाकों में बूंदाबांदी हुई। बृहस्पतिवार से प्रदेश में बारिश का दायरा सिमट जाएगा और तापमान में क्रमश: बढ़ोतरी दर्ज होगी। साथ ही हवा में नमी की माैजूदगी की वजह से उमस भरी गर्मी में इजाफा होगा। बृहस्पतिवार के लिए कहीं भी आंधी या बारिश की कोई चेतावनी नहीं है।
विज्ञापन
बुधवार को 38 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ बांदा प्रदेश में सर्वाधिक गर्म रहा। वहीं उरई में 37.2 डिग्री और झांसी में 36.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। 16 डिग्री के साथ नजीबाबादी में सबसे ठंडी रात रही। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार को तराई और दक्षिणी जिलों में हल्की बूंदाबांदी संभावित है। शुक्रवार से बारिश थमने के बाद अगले सात दिनों में तापमान में 8 से 10 डिग्री तक की बढ़त आएगी।