उत्तर प्रदेश पावर ऑफिसर्स एसोसिएशन के नवनिर्वाचित केंद्रीय पदाधिकारियों ने रविवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। बाबा साहब डाॅ. भीमराव आंबेडकर की तस्वीर के सामने संकल्प लिया कि आरक्षण बचाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष के लिए तैयार रहेंगे। इस दौरान निजीकरण के खिलाफ आर-पार की लड़ाई का भी एलान किया गया।
एसोसिएशन की ओर से फील्ड हॉस्टल में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में कार्यवाहक अध्यक्ष अवधेश कुमार वर्मा ने नवनियुक्त अध्यक्ष आरपी केन, उपाध्यक्ष नेकीराम, वेद प्रकाश, महासचिव अनिल कुमार, अतिरिक्त महासचिव अजय कुमार, सचिव मनोज सोनकर, संगठन सचिव हरिश्चंद्र वर्मा, बिंदा प्रसाद, अनिल कुमार, संयुक्त सचिव धीरेंद्र कुमार, मीडिया प्रभारी रमेश कुमार, मध्यांचल अध्यक्ष अजय कनौजिया, पश्चिमांचल अध्यक्ष महेश कुमार अहिरवार, लेसा अध्यक्ष प्रभाकर सिंह, लखनऊ क्षेत्र अध्यक्ष आनंद कनौजिया, पत्रिका प्रमुख सौरव वर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
सभी ने बाबा साहब की तस्वीर के समक्ष संकल्प भी लिया कि आरक्षण को खत्म करने की साजिश किसी की कीमत पर कामयाब नहीं होने दी जाएगी। आरक्षण बचाने के लिए हर स्तर पर लड़ाई लड़ी जाएगी। इस दौरान पूर्वांचल एवं दक्षिणांचल के निजीकरण प्रस्ताव को आरक्षण खत्म करने की साजिश करार दिया गया है। यह भी दोहराया गया कि निजीकरण प्रस्ताव के खिलाफ आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी। दलित व पिछड़े वर्ग के अभियंताओं व कार्मिकों को नौकरी से बेदखल करने की कार्रवाई नहीं होने दी जाएगी।