प्रदेश के ग्राम प्रधान विकास कार्यों के तौर-तरीके सीखने के लिए रामपुर, श्रावस्ती और अमेठी के मॉडल गांवों का दो दिवसीय एक्सपोजर विजिट करेंगे। इसमें स्वच्छता, अपशिष्ट प्रबंधन, नवाचार और आधुनिक सुविधाओं के मॉडल देखे जाएंगे।
विकास के लिहाज से रामपुर, श्रावस्ती, अमेठी और ललितपुर जिले की मॉडल ग्राम पंचायतों से सीखने के लिए प्रदेश के सभी जिलों से नौ श्रेणियों में चयनित ग्राम पंचायतों के प्रधान दो दिवसीय आंतरिक एक्सपोजर विजिट पर जाएंगे। पहला चरण 26 नवंबर से शुरू होगा।
विज्ञापन
इसमें आगरा से चयनित ग्राम पंचायतों के प्रधान रामपुर की मॉडल ग्राम पंचायतों का, बहराइच और बलरामपुर के प्रधान श्रावस्ती और बाराबंकी जिले की नौ ग्राम पंचायतों के प्रधान अमेठी जिले के मॉडल गांवों में जाएंगे। पंचायत विभाग ने इसकी सभी तैयारी पूरी कर ली है।
पंचायत विभाग के अधिकारियों का मानना है कि इस विजिट से प्रधान जहां विकास कार्यों में तेजी लाने के तौर-तरीके सीखेंगे। वहीं, प्रतिनिधियों को आधुनिक सुविधाओं, नवाचारों और स्वच्छता मॉडल को नजदीक से समझने का अवसर भी मिलेगा। उपनिदेशक (पंचायत) योगेंद्र कटियार ने बताया कि 24 जनवरी तक अलग-अलग जिलों से प्रधान विजिट के लिए जाएंगे।
विज्ञापन
विजिट पर जाने वाले प्रधान यह देखेंगे कार्य
विजिट पर जाने वाले प्रधान स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत बने मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी सेंटर, प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट, ट्राइकलर प्रक्रिया, ऑपरेशन एवं मेंटेनेंस मॉडल, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन जैसे सफल कार्यों को देख व समझ सकेंगे।