अफसरों के साथ ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा
- फोटो : amar ujala
यूपी के ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने महकमे के अधिकारियों और कर्मचारियों का आह्वान किया है कि अगर सभी लोग मिलकर मेहनत करेंगे तो ‘पावर फॉर ऑल’ योजना के तहत अक्तूबर 2018 तक ही प्रदेश के सभी घरों तक बिजली पहुंचाई जा सकती है।
हालांकि प्रदेश सरकार ने इसके लिए केंद्र से जो करार किया है, उसके मुताबिक 2019 तक सभी घरों को बिजली मुहैया कराने का लक्ष्य रखा गया है। लेकिन ऊर्जा विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मिलकर ईमानदारी से काम करें तो यह लक्ष्य एक साल पहले भी हासिल किया जा सकता है।
ऊर्जा मंत्री सोमवार को शक्ति भवन में विद्युत परिषद मुख्यालय कर्मचारी परिषद के शपथ ग्रहण कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि अधिकारियों व कर्मचारियों को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि 22 करोड़ की आबादी वाला यह प्रदेश हर मामले में पिछड़ गया है, लेकिन अगर सरकार और कर्मचारी एकजुट होकर काम में लग जाएं तो आने वाले दो साल में यूपी सबसे शक्तिशाली प्रदेश बनकर उभरेगा।