पावर कार्पोरेशन बिजली संकट से निपटने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है। त्यौहार पर बिजली संकट न हो, इसके लिए अभी से तैयार रहने का निर्देश दिया गया है। यह निर्देश पावर कार्पोरेशन के अध्यक्ष डा. आशीष कुमार गोयल ने मंगलवार को समीक्षा बैठक में दिए हैं। बैठक में बताया गया कि कोयला खदान क्षेत्रों में अतिवृष्टि और जलभराव के कारण उत्पादन प्रभावित हुआ है।
अपर मुख्य सचिव डॉ. आशीष कुमार गोयल ने कहा कि सभी क्षेत्रों में निर्धारित शेड्यूल के अनुसार आपूर्ति हर हाल में सुनिश्चित की जाए। आगामी दो-तीन दिनों में अनपरा-डी, हरदुआगंज-ई तथा जवाहरपुर की बॉयलर ट्यूब लीकेज के कारण बंद इकाइयों के चालू होने की उम्मीद है। अनपरा के कोयले को लैंको की ओर डायवर्ट करने और बारा में कोयला आपूर्ति में सुधार से लगभग 2200 मेगावाट अतिरिक्त बिजली उपलब्ध होगी।
एसीएस डा. गोयल ने निर्देश दिया कि भविष्य में बिजली की मांग बढ़ेगी। ऐसे में अभी तैयारी ररखें। फीडर स्तर के आंकड़ों का नियमित विश्लेषण करते हुए जहां भी कमियां सामने आएं, वहां तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई करें। अधिक लाइन हानि वाले फीडरों एवं क्षेत्रों में फीडरवार कार्य योजना बनाकर नियमित कार्रवाई की जाए।