प्रदेश में राजकीय, एडेड व निजी पॉलीटेक्निक संस्थानों में प्रवेश के लिए हुई सेमेस्टर परीक्षा का परिणाम मंगलवार दोपहर जारी कर दिया गया। हालांकि परिणाम जारी होते ही प्राविधिक शिक्षा परिषद की साइट बैठ गई। देर शाम तक विद्यार्थी व कॉलेज परीक्षा परिणाम जानने के लिए परेशान रहे। वहीं कॉपी पर मोबाइल नंबर लिखने वाले 2504 छात्र/छात्राओं को संबंधित विषय में जीरो नंबर दिया गया है।
प्राविधिक शिक्षा परिषद के अध्यक्ष व प्रमुख सचिव प्राविधिक शिक्षा विभाग एम देवराज की अध्यक्षता में मंगलवार को परिषद की परीक्षा समिति की बैठक में सेमेस्टर परीक्षा जून-जुलाई 2023 का परिणाम घोषित किया गया। इसके अनुसार परीक्षा में 66.08 फीसदी विद्यार्थी पास हुए। परीक्षा में 64.98 प्रतिशत छात्र तथा 80.64 प्रतिशत छात्राएं सफल रहीं। 28 जून से 26 जुलाई के बीच प्रदेश में 205 केंद्रों पर आयोजित सेमेस्टर परीक्षा में कुल 283121 छात्र पंजीकृत थे।
इसमें सेमेस्टर सिस्टम के 1,52,805, वार्षिक सिस्टम के 1,22,579 व विशेष बैक पेपर के 7737 छात्र/छात्राएं पंजीकृत थे। इसमें इंजीनियरिंग स्ट्रीम में एंबिशन इंस्टीट्यूट आफ टेक्नोलॉजी वाराणसी के देवेश चतुर्वेदी ने सर्वाधिक 87.71 के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं आरपीएस कॉलेज आफ फार्मेसी बाराबंकी के रितेश सिंह ने 87.91 प्रतिशत अंकों के साथ फार्मेसी में प्रथम स्थान पाया।
नॉन इंजीनियरिंग शाखा में राजकीय महिला पालीटेक्निक लखनऊ की फैशन डिजाइनिंग व गारमेंट टेक्नोलॉजी ब्रांच की छात्रा श्रुति सिंह ने 87.83 फीसदी अंकों के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसके साथ नकल में 195 छात्र/छात्राओं का परीक्षा परिणाम रोका गया है। प्राविधिक शिक्षा मंत्री आशीष पटेल ने परीक्षा में सफल छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं दी है।