पुलिसकर्मियों के त्रुटिपूर्ण वेतन का निर्धारण करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई होगी। प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद ने इस बाबत हाईकोर्ट के आदेश के बाद दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसमें त्रुटिपूर्ण वेतन निर्धारण की स्थिति में संबंधित कार्मिक का उत्तरदायित्व निर्धारित करते हुए उनके विरुद्ध अनुशासनिक कार्यवाही करने और वसूली न हो पाने की दशा में अधिकारी व कर्मचारी से वसूली करने को कहा गया है।
प्रमुख सचिव ने निर्देश दिया कि पुलिसकर्मियों को पहले से दिए गए एसीपी/वेतन के निर्धारण की पुन: जांच करने के लिए प्रत्येक जिले व शाखा में एसपी/एएसपी की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा अनिवार्य रूप से कार्मिकों का वेतन निर्धारण परीक्षण कराया जाए। पुलिस मुख्यालय के वित्त नियंत्रक की सहमति के बाद ही वेतन निर्धारण किया जाए। उच्च वेतन/भत्ते प्रदान करने के निर्धारण के लिए उत्तरदायी अधिकारियों की भूमिका की गहन जांच की जाए, ताकि सिर्फ कुछ व्यक्तियों को ही उच्च भत्ते वितरित करने का व्यवस्थित पैटर्न स्थापित किया जा सके। यदि किसी प्रकरण में विशेषज्ञ जांच एजेंसी से जांच कराने की आवश्यकता हो तो उसका प्रस्ताव तीन दिन में शासन को उपलब्ध कराया जाए।
हवलदार इंस्ट्रक्चर भर्ती में शारीरिक दक्षता परीक्षा के प्रवेश पत्र जारी
हवलदार इंस्ट्रक्टर के पदों पर भर्ती के लिए शारीरिक माप व शारीरिक दक्षता परीक्षा 24 से 29 मार्च तक 35वीं वाहिनी पीएसी महानगर, लखनऊ में होगी। अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से मंगलवार को इसके लिए प्रवेश पत्र जारी किया गया। इसे अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट से निर्धारित सूचना भरकर डाउनलोड कर सकते हैं। परीक्षा नियंत्रक विधान जायसवाल ने बताया है कि शारीरिक परीक्षा से जुड़ी विस्तृत जानकारी आयोग की वेबसाइट पर अपलोड की जा चुकी है। उन्होंने बताया है कि परीक्षा के लिए केंद्र पर पहुंचने का समय सुबह छह बजे और गेट बंद होने का समय सुबह आठ बजे निर्धारित किया गया है।