दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन के बाद उत्तर प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। डीजीपी राजीव कृष्णा ने पुलिस मुख्यालय से सभी जिलों की निगरानी की और अधिकारियों को सतर्क रहने, संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखने, शांति बनाए रखने तथा अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
दिल्ली में छात्रों के उग्र प्रदर्शन के बाद पूरे प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। मंगलवार को विपक्ष द्वारा प्रधानमंत्री आवास पर धरना देने के बाद तमाम नेताओं को हिरासत में लेने की वजह से राजधानी समेत कई जिलों में समाजवादी पार्टी ने प्रदर्शन किया था।
विज्ञापन
इन हालात को देखते हुए बुधवार को डीजीपी राजीव कृष्णा, एडीजी कानून-व्यवस्था अमिताभ यश और आईजी कानून-व्यवस्था एलआर कुमार ने पुलिस मुख्यालय के कंट्रोल रूम से हर जिले पर नजर बनाए रखी और अधिकारियों को अहम निर्देश देते रहे।
डीजीपी ने वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को अचूक बनाए रखने के लिए समस्त पुलिस बल को निरंतर सतर्क एवं पूर्ण मुस्तैदी बनाए रखने, संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने तथा किसी भी परिस्थिति में त्वरित एवं प्रभावी पुलिस कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कई जिलों से वहां के हालात का फीडबैक भी लिया। खासकर दिल्ली से जुड़े यूपी के शहरों पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा।
विज्ञापन
किसी भी तरह का प्रदर्शन होने पर छात्रों को सही वस्तुस्थिति से अवगत कराने को कहा। वहीं अराजकता फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया। डीजीपी ने सभी एडीजी जोन, पुलिस कमिश्नर, आईजी रेंज और जिलों के कप्तानों को फील्ड में उतरने और शांति व्यवस्था बहाल रखने की हिदायत भी दी। वहीं एलआईयू के अधिकारियों को भी ऐसे प्रदर्शनों के बारे में पूर्व से आगाह रहने का निर्देश दिया।