डेंगू और मलेरिया के बढ़ते खतरे के बीच पुलिस मुख्यालय ने यूपी के पुलिसकर्मियों को मच्छरों से बचाने के लिए व्यवस्था की है।
पुलिस मुख्यालय ने मच्छरों से बचाव के लिए दवाओं के छिड़काव और मच्छरदानी के लिए पुलिस-पीएसी को पर्याप्त धन मुहैया करा दिया है।
एडीजी डॉ.सूर्यकुमार शुक्ला के जनसंपर्क अधिकारी सीपी पांडेय ने बताया कि इधर कुछ समय में कई पुलिसकर्मियों के भी डेंगू और मलेरिया की चपेट में आने की शिकायत मिली।
दरअसल, पुलिस लाइन के अलावा देहात के थानों में रहने वाले पुलिसकर्मी मच्छरों से बचाव नहीं कर पाते।
इसके मद्देनजर एडीजी ने मच्छर रोधी दवाओं के छिड़काव और दूसरे उपाय के लिए एक करोड़ 50 हजार रुपये मुहैया कराए हैं।
इस रकम से यूपी की सभी 75 पुलिस लाइन को 10-10 हजार रुपये, पुलिस कार्यालयों तथा 1455 थानों के लिए पांच-पांच हजार रुपये और 30 पीएसी वाहिनियों को 50-50 हजार रुपये मुहैया कराए गए हैं।
एडीजी ने सभी पुलिस और पीएसी प्रमुखों को इस धन से मच्छर रोधी व्यवस्था करने का निर्देश दिया है।