आरोप के मुताबिक, 24 दिसंबर 2004 को सैफई महोत्सव के दौरान मो. अली अन्य लोगों के साथ बैनर लगा रहे थे। तभी करंट की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई थी, जबकि वह गंभीर रूप से झुलस गए थे। उनका लंबे समय तक इलाज चला और अब भी उपचार जारी है। मो. अली का आरोप है कि तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव ने उन्हें राहत के तौर पर 15 लाख पांच हजार रुपये का डिमांड ड्राफ्ट जारी कराया था, लेकिन उन्हें धनराशि नहीं मिली।
अखिलेश यादव की ओर से भी कई बार आश्वासन दिया गया, पर भुगतान नहीं हुआ। आरोप लगाया कि उन्हें गलत तरीके से मृतक दर्शाने का भी प्रयास किया गया। उन्होंने हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ में याचिका दायर की थी। उनके मुताबिक, 28 जुलाई को हाईकोर्ट ने उचित कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसी आदेश के आधार पर उन्होंने एमपी-एमएलए कोर्ट में अर्जी देकर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग की है।