बरेली: बरेली में कई मीडिया चैनलों के माध्यम से लोगों को गलत जानकारी मिली कि पूरे जिले को सील किया जा रहा है। खबर मिलते ही लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ ही देर में बाजारों में भीड़ उमड़ पड़ी। प्रशासन के लिए भी यह अप्रत्याशित स्थिति थी, लिहाजा काबू पाने में भी मुश्किल हुई।
बरेली के पुराना शहर और सिविल लाइंस के श्यामगंज जैसे प्रमुख किराना बाजारों में लोग राशन और सब्जियों की खरीदारी करने पहुंच गए। हालांकि बाद में जब पता चला कि पूरे जिले को नहीं, बल्कि केवल हॉटस्पॉट इलाकों को सील किया जा रहा है, तो लोगों ने थोड़ी राहत की सांस ली।
नोएडा: वहीं नोएडा में भी कुछ यही हाल रहा। कुछ देर के लिए दूध और सब्जी की दुकानों पर लोग इतनी अधिक संख्या में उमड़ पड़े कि दुकानों में लंबी कतार लग गई। कुछ देर बाद या तो दुकानें बंद करनी पड़ी, या फिर पुलिस ने आकर हालात काबू में किया।
आगरा: आगरा में बुधवार की सुबह से ही लॉकडाउन की अवधि बढ़ने की चर्चा थी। इस बीच जिलों को सील करने की खबर सुनते ही लोग बड़े-बड़े थैले लेकर बाजारों में पहुंच गए। हालात यह थे कि बाजार में भारी भीड़ जुट गई। सब्जी मंडी, किराना बाजार, दवा और बैंकों में अधिक संख्या में लोग पहुंच गए थे। इससे वहां सामाजिक दूरी की स्थिति भी बिगड़ गई। वहीं, हर कोई सशंकित नजर आ रहे थे। सभी लोग एक माह का राशन, दवा और अन्य जरूरत का सामान खरीद रहे थे।