मौसम और तकनीक कारणों से बृहस्पतिवार को 14 उड़ानें निरस्त हुईं। इनमें 12 उड़ाने इंडिगो एयरलाइंस की हैं। उड़ान निरस्त होने से परेशान यात्रियों ने एयरपोर्ट पर हंगामा और नारेबाजी भी की। जो उड़ान निरस्त हुईं हैं उनमें अहमदाबाद, बंगलुरू, कोलकाता, पुणे, हैदराबाद, मुंबई, दिल्ली और दुबई उड़ान शामिल हैं। पुणे से लखनऊ आने वाली एक उड़ान का यात्री करीब 14 घंटे तक एयरपोर्ट पर फंसा रहा।
पिछले कई दिनों से विमानों का संचालन पटरी से उतरा हुआ है। जिससे यात्री परेशान हो रहे हैं। बृहस्पतिवार को फिर संचालन में कोई सुधार नहीं हुआ और चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उड़ानों के निरस्त होने से हंगामे का माहौल रहा। सुबह करीब नौ बजे टर्मिनल थ्री में उड़ानों के निरस्त होने से नाराज यात्रियों ने नारेबाजी की।
यह देख सीआईएसएफ और एयरपोर्ट पुलिस समझाने का प्रयास किया लेकिन कोई शांत नहीं हुआ क्योंकि काफी यात्री ऐसे थे जिनको वैवाहिक आयोजन या ऑफिस या बिजनेस मीटिंग के लिए जाना था। ऐसे में उड़ान निरस्त होने पर उनके पास कोई विकल्प भी नहीं हुई। यात्रियों ने यह आरोप भी लगाया कि टिकट का पूरा पैसा लिया गया लेकिन उड़ान रद्द होने के बाद न तो होटल दिया गया और न ही खाने का इंतजाम किया गया।