समितियों के भ्रमण कार्यक्रम स्थगित
पीएम की अपील के बाद विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह ने परिषद की संसदीय समितियों के पूर्व निर्धारित भ्रमण के समस्त कार्यक्रमों को अगले आदेशों तक स्थगित कर दिया है। यह जानकारी विधान परिषद के प्रमुख सचिव डॉ. राजेश सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि संसदीय समितियों की बैठकों में जिला स्तरीय अधिकारी अग्रिम आदेशों तक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हिस्सा लेंगे।
वीसी से की बैठक
वहीं दूसरी ओर पीएम की अपील के बाद उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने बृहस्पतिवार को विधानसभा स्थित अपने कार्यालय कक्ष में विभागीय अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये समीक्षा बैठक की।
उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी सप्ताह में कम से कम एक दिन सार्वजनिक परिवहन का उपयोग कर कार्यालय आएं। बैठकें वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये करें। सभी कुलपति, निदेशालय के अधिकारी, शिक्षण संस्थाएं इस अभियान को अपने-अपने संस्थानों में प्रभावी ढंग से लागू करें।
निजी संस्थान वर्क फ्रॉम होम व्यवस्था को प्रोत्साहित करें
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने कहा, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता, सांसद, विधायक समेत सभी जनप्रतिनिधि, किसानों, प्राइवेट संस्थान, आमजन राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए पेट्रोल एवं डीजल का उपयोग आवश्यकतानुसार ही करें। निजी संस्थान वर्क फ्रॉम होम व्यवस्था को प्रोत्साहित करें।
साइकिल से कार्यालय जाने का निर्णय लिया
वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा, डीजल एवं पेट्रोल की बचत करना प्रत्येक नागरिक का राष्ट्रीय दायित्व है। पेट्रोलियम उत्पादों का आयात करने पर भारी मात्रा में विदेशी मुद्रा व्यय होती है। मैंने खुद सप्ताह में एक दिन साइकिल से कार्यालय जाने का निर्णय लिया है।