सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव व वरिष्ठ नेता आजम खां।
- फोटो : amar ujala
ओवैसी ने आजम खान का मुद्दा उठाकर सपा की मुस्लिम राजनीति पर सवाल खड़े किए। उन्होंने पूछा कि अखिलेश यादव के अयोध्या जाने के कार्यक्रम पर सपा के मुस्लिम सांसद और विधायक क्या सोच रहे हैं? क्या अखिलेश ने इस बारे में आजम खान से अनुमति ली है? उन्होंने सवाल किया कि जब आजम खान मुश्किल दौर से गुजर रहे थे, तब समाजवादी पार्टी ने उनके लिए क्या किया? ओवैसी ने कहा कि बाबरी मस्जिद से जुड़े घटनाक्रम के बाद कई लोगों और उनके परिवारों को मुश्किलें झेलनी पड़ी थीं। ऐसे में सपा के मुस्लिम नेताओं को अपने नेतृत्व से सवाल करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा मुस्लिम समाज को चुनाव के समय राजनीतिक समर्थन के लिए इस्तेमाल करती है, लेकिन उसके हितों के सवाल पर अपेक्षित मजबूती नहीं दिखाती।
ओवैसी ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उत्तर प्रदेश में 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम कटने संबंधी दावे का आधार पूछा। उन्होंने चुनाव आयोग से हटाए गए मतदाताओं की सूची और नाम काटने के कारण सार्वजनिक करने की मांग की। ओवैसी ने आयोग के आंकड़ों का हवाला देते हुए देशभर में 2.89 करोड़ नाम हटाए जाने की बात कही। उन्होंने पूछा कि इनमें कितने लोग गैर भारतीय नागरिक पाए गए हैं। आवैसी ने कहा कि पहले ही बताया था कि एसआईआर बैकडोर एनआरसी है।
सांसद चंद्रशेखर आजाद व असदुद्दीन ओवैसी।
- फोटो : amar ujala
चंद्रशेखर ने भाजपा सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि संविधान और आरक्षण खत्म करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा, भाजपा का लक्ष्य संविधान और आरक्षण को खत्म करना है, लेकिन हम ऐसा नहीं होने देंगे। अगर ऐसा करने की कोशिश भी की तो सरकार को दिन में तारे दिखा देंगे। वहीं बुलडोजर एक्शन पर कहा कि ढहाई गईं एक एक मस्जिद के लिए लड़ेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में आएदिन फेक एनकाउंटर होते हैं, मूर्तियां तोड़ी जाती हैं।